भारत-नॉर्डिक समिट में पीएम मोदी बोले: नवाचार, व्यापार और साझेदारी को मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को भारत और नॉर्डिक देशों के बीच बढ़ते सहयोग पर जोर दिया। उन्होंने यह बात तीसरे भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन (India-Nordic Summit) में कही, जहां दोनों पक्षों ने नवाचार, रिसर्च, कौशल विकास और आर्थिक प्रगति जैसे मुद्दों पर चर्चा की।
संयुक्त बयान जारी करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र, कानून का शासन और बहुपक्षीय सहयोग के प्रति साझा प्रतिबद्धता भारत और नॉर्डिक देशों को मजबूत साझेदार बनाती है। उन्होंने नॉर्वे के प्रधानमंत्री का इस समिट की मेजबानी के लिए धन्यवाद भी दिया।
इस सम्मेलन में आइसलैंड, नॉर्वे, स्वीडन, फिनलैंड और डेनमार्क के नेता शामिल हुए। बैठक में टैलेंट एक्सचेंज, तकनीकी साझेदारी, व्यापार, निवेश और सप्लाई चेन को मजबूत करने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इसके अलावा भारत-ईयू फ्री ट्रेड एग्रीमेंट और भारत-ईएफटीए व्यापार एवं आर्थिक साझेदारी समझौते के तहत सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति जताई गई, जिसमें आइसलैंड, लिकटेंस्टीन, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं। पीएम मोदी स्वीडन में अपनी बैठकों के बाद नॉर्वे पहुंचे। यह पिछले 43 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नॉर्वे की पहली यात्रा है। नॉर्वे दौरे के बाद पीएम मोदी अपनी बहु-देशीय यात्रा के अंतिम चरण में इटली जाएंगे।





