रजनीकांत की नई फिल्म का नाम ‘धर्मन’, फर्स्ट लुक पोस्टर ने बढ़ाई फैंस की उत्सुकता

चेन्नई: सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म, जिसे अब तक ‘थलाइवर 173’ के नाम से जाना जा रहा था, उसका आधिकारिक टाइटल सामने आ गया है। मेकर्स ने फिल्म का नाम ‘धर्मन’ (Dharman) घोषित किया है। इस घोषणा के बाद फैंस के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ गया है।
फिल्म के टाइटल के साथ इसका टैगलाइन भी जारी किया गया है, जिसमें लिखा है, “धर्म ही जीतेगा।” यह टैगलाइन फिल्म की कहानी और उसके संदेश को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा रही है।
தர்மமே வெல்லும்!#Dharman #Thalaivar173 #SuperstarRajinikanth #KamalHaasan @rajinikanth @ikamalhaasan #Mahendran @Dir_Ashwath @anirudhofficial @anbariv @iYogiBabu @SimranbaggaOffc #RaashiKhanna @nikethbommi #KarthikRajkumar @PradeepERagav @kabilanchelliah @ShruthiManjari… pic.twitter.com/UWjXErKdIE
— Raaj Kamal Films International (@RKFI) June 24, 2026
मेकर्स ने फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर भी जारी किया है। पोस्टर में रजनीकांत डॉक्टर के अवतार में नजर आ रहे हैं। उन्होंने नीले रंग की सर्जिकल ड्रेस पहन रखी है और अपने खास अंदाज में सनग्लासेस लगाए हुए हैं। पोस्टर में वह एक ऑपरेशन थिएटर के अंदर खड़े दिखाई देते हैं। उनके हाथ में खून से सना एक सर्जिकल उपकरण है, जबकि आसपास टूटा हुआ कांच और बिखरा हुआ मेडिकल सामान नजर आ रहा है। यह लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
फिल्म का निर्देशन अश्वथ मारिमुथु कर रहे हैं, जबकि इसके निर्माता अभिनेता कमल हासन हैं। फिल्म में सिमरन और राशि खन्ना भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। वहीं, संगीत की जिम्मेदारी अनिरुद्ध रविचंदर को सौंपी गई है और एक्शन सीक्वेंस कोरियोग्राफर अंबरिव तैयार कर रहे हैं। दमदार स्टारकास्ट और शानदार तकनीकी टीम के साथ ‘धर्मन’ आने वाली सबसे चर्चित तमिल फिल्मों में से एक बन गई है।





