फिर लौटेगी मिर्जापुर की सत्ता की जंग, मेकर्स ने जारी किया नया पोस्टर

मुंबई: लोकप्रिय वेब सीरीज ‘मिर्जापुर’ के प्रशंसकों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मेकर्स जल्द ही ‘मिर्जापुर द मूवी’ लेकर आ रहे हैं और अब फिल्म का नया पोस्टर जारी कर दिया गया है। इसके साथ ही घोषणा की गई है कि फिल्म का टीजर 25 जून को रिलीज किया जाएगा।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए पोस्टर में एक गद्दी दिखाई दे रही है, जिसके दोनों ओर बंदूकें रखी हुई हैं। पोस्टर को देखकर एक बार फिर मिर्जापुर की सत्ता की लड़ाई, दुश्मनी और दमदार एक्शन की यादें ताजा हो गई हैं। हालांकि, पोस्टर में फिल्म की कहानी को लेकर ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है।

टीजर रिलीज की घोषणा के बाद फैंस के बीच उत्साह और बढ़ गया है। ‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था और अब इसके फिल्मी रूप का भी बेसब्री से इंतजार किया जा रहा है।
फिल्म का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है। कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके सह-निर्माता हैं।
‘मिर्जापुर द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। वहीं, कल आने वाला टीजर दर्शकों को फिल्म की दुनिया की पहली झलक दिखाएगा।





