मनोरंजन

25 साल बाद फिर गूंजेगा ‘लगान’ का जुनून, बड़े पर्दे पर वापसी तय

आमिर खान की सुपरहिट फिल्म ‘लगान’ अपनी रिलीज के 25 साल पूरे होने के मौके पर एक बार फिर सिनेमाघरों में दिखाई जाएगी। फिल्म को 12, 13 और 14 जून को देशभर के चुनिंदा थिएटरों में दोबारा रिलीज किया जाएगा। इसकी जानकारी आमिर खान प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए दी। पोस्ट में लिखा गया, “हर दिल को छू लेने वाली यह कालजयी फिल्म अपने 25वें साल पर फिर बड़े पर्दे पर लौट रही है।”

फिल्म के दोबारा रिलीज होने की घोषणा के साथ इसका ट्रेलर भी शेयर किया गया, जिसने दर्शकों की पुरानी यादें ताजा कर दीं। ट्रेलर में फिल्म की कहानी, भावनात्मक पल, शानदार संगीत और प्रेरणादायक संदेश को फिर से दिखाया गया है।

साल 2001 में रिलीज हुई ‘लगान’ भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक मानी जाती है। फिल्म की कहानी वर्ष 1893 के ब्रिटिश शासनकाल पर आधारित है। इसमें एक गांव के लोगों की कहानी दिखाई गई है, जो भारी लगान और सूखे की समस्या से जूझ रहे होते हैं।

कहानी में मोड़ तब आता है जब एक ब्रिटिश अधिकारी गांव वालों को क्रिकेट मैच खेलने की चुनौती देता है। शर्त यह होती है कि अगर गांव वाले मैच जीत जाते हैं तो उनका लगान माफ कर दिया जाएगा। इसके बाद गांव के लोग एकजुट होकर क्रिकेट सीखते हैं और अपने भविष्य के लिए मैदान में उतरते हैं।

फिल्म में आमिर खान के साथ कई कलाकारों ने शानदार अभिनय किया था। अपनी दमदार कहानी, संगीत और भावनात्मक प्रस्तुति के कारण ‘लगान’ को भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया भर में सराहना मिली थी। फिल्म को कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भी प्रदर्शित किया गया था। इसके अलावा 49वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में ‘लगान’ ने आठ पुरस्कार अपने नाम किए थे, जिनमें सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय फिल्म का सम्मान भी शामिल था।

फिल्म की री-रिलीज की खबर से फैंस काफी उत्साहित हैं और एक बार फिर बड़े पर्दे पर इस ऐतिहासिक फिल्म का आनंद लेने का इंतजार कर रहे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button