इटली की खूबसूरत वादियों में सजी लव ट्रायंगल की कहानी, रिलीज हुआ ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर

बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘कॉकटेल 2’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। निर्देशक होमी अदजानिया की यह फिल्म रोमांस, दोस्ती और दिल टूटने की कहानी को खूबसूरत इटली की लोकेशन्स के बीच पेश करती है।
ट्रेलर की शुरुआत शाहिद कपूर के किरदार के एक वॉयसओवर से होती है, जिसमें वह प्यार और रिश्तों के बारे में बात करता नजर आता है। इसके बाद कहानी इटली पहुंचती है, जहां तीनों किरदार साथ में समय बिताते दिखाई देते हैं।
ट्रेलर में शाहिद और रश्मिका के बीच रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिलती है, जबकि कृति सेनन का किरदार शाहिद का करीबी दोस्त नजर आता है। हालांकि धीरे-धीरे कृति के मन में शाहिद के लिए भावनाएं विकसित होने लगती हैं, जिससे कहानी में नया मोड़ आता है। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, दोनों महिलाओं के बीच तनाव बढ़ने लगता है। दोस्ती की शुरुआत एक जटिल लव ट्रायंगल में बदल जाती है, जहां दोनों शाहिद के प्यार को पाने की कोशिश करती नजर आती हैं।
ट्रेलर के अंतिम हिस्से में कृति और रश्मिका के किरदार आमने-सामने दिखाई देते हैं, जबकि शाहिद का किरदार दोनों के बीच उलझा हुआ नजर आता है। यह स्थिति रिश्तों को और अधिक जटिल बना देती है।
फिल्म में 2012 की सुपरहिट फिल्म ‘कॉकटेल’ के लोकप्रिय गाने ‘तुम ही हो बंधु’ को भी शामिल किया गया है, जो दर्शकों को पुरानी यादें ताजा कराता है। ‘कॉकटेल 2’ को 2012 में रिलीज हुई ‘कॉकटेल’ का स्पिरिचुअल सीक्वल माना जा रहा है। पहली फिल्म में सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और डायना पेंटी मुख्य भूमिकाओं में थे।
फिल्म का निर्माण दिनेश विजान, लव रंजन, प्रमिता आर. विजान और अंकुर गर्ग ने किया है, जबकि इसका संगीत प्रीतम ने तैयार किया है। ‘कॉकटेल 2’ 19 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।





