अजित पवार के निधन पर राजनीतिक नेताओं ने जताया गहरा शोक

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के निधन की खबर ने पूरे देश को शोक में डाल दिया। बुधवार सुबह बारामती एयरस्ट्रिप के पास चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें अजित पवार समेत कुल पांच लोगों की मौत हुई। इस हादसे की जानकारी मिलते ही NCP (SP) नेता सुप्रिया सुले ने अपनी पहली सार्वजनिक प्रतिक्रिया में शोक व्यक्त किया और WhatsApp स्टेटस पर “Devastated” लिखकर अपनी भावनाएँ साझा कीं।
अजित पवार की पत्नी सुनित्रा पवार और बहन सुप्रिया सुले भी बारामती पहुंच गई हैं, जहां यह हादसा हुआ। राजनीतिक दलों के नेता, चाहे वे सत्ता में हों या विपक्ष में, सभी ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अजित पवार को “जनता का नेता” बताया और शोक व्यक्त किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने याद किया ‘सद्गुणों से भरा मित्र’
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार को याद करते हुए कहा, “दादा ने हम सभी को छोड़ दिया। जनता से गहरा जुड़ाव रखने वाले हमारे मित्र और उपमुख्यमंत्री अजित दादा पवार का विमान हादसे में निधन अत्यंत दुखद है। यह मन को झकझोर देने वाली घटना है। मेरे पास अपनी भावनाओं को व्यक्त करने शब्द नहीं हैं।” उन्होंने आगे कहा, “मैंने अपने एक मजबूत और उदार मित्र को खो दिया। यह मेरे लिए व्यक्तिगत नुकसान है और इसे कभी भरा नहीं जा सकता। आज महाराष्ट्र के लिए बेहद कठिन दिन है। हम उनके पूरे परिवार और NCP परिवार के साथ अपने दुख को साझा करते हैं। इस हादसे में अन्य चार लोगों की भी मृत्यु हुई है, उनके परिवारों के साथ भी हम दुख साझा करते हैं।”
हादसे की जांच शुरू
अजित पवार जिस चार्टर्ड विमान में सवार थे, वह मुंबई से बारामती जा रहा था। वह 27 जनवरी को मुंबई में महाराष्ट्र कैबिनेट कमेटी ऑन इंफ्रास्ट्रक्चर की बैठक में शामिल हुए थे। इस विमान हादसे की जांच के लिए Aircraft Accident Investigation Bureau (AAIB) की एक विशेष टीम गठित की गई है। टीम इस हादसे की वजह पता करने के लिए पूरी तरह जांच कर रही है।





