TMC के तीन पूर्व राज्यसभा सांसद BJP में शामिल, ममता बनर्जी की पार्टी को बड़ा झटका

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस (TMC) के तीन पूर्व राज्यसभा सांसदों सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर रॉय और प्रकाश चिक बड़ाईक ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) का दामन थाम लिया। तीनों नेताओं ने हाल ही में राज्यसभा से इस्तीफा देने के साथ ही ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली TMC भी छोड़ दी थी।
तीनों नेताओं को कोलकाता स्थित BJP के साल्ट लेक कार्यालय में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई। इस दौरान पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। BJP नेताओं ने तीनों का स्वागत पार्टी का झंडा देकर किया। समिक भट्टाचार्य ने कहा कि इन नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि तीनों नेताओं के अनुभव से पश्चिम बंगाल में BJP के संगठन को मजबूती मिलेगी।
सुष्मिता देव ने BJP में शामिल होने के बाद कहा कि उन्होंने किसी राज्यसभा सीट की उम्मीद में पार्टी जॉइन नहीं की है। उन्होंने कहा कि इस बारे में फैसला पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व करेगा। इससे पहले उन्होंने राजनीतिक और निजी कारणों का हवाला देते हुए TMC और राज्यसभा से इस्तीफा दिया था।
वहीं, प्रकाश चिक बड़ाईक ने कहा कि उन्होंने जनता के फैसले को स्वीकार करते हुए इस्तीफा दिया। उन्होंने साफ किया कि उनका ममता बनर्जी से कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है।
सुखेंदु शेखर रॉय ने TMC सरकार पर भ्रष्टाचार, महिलाओं के खिलाफ अपराध और शासन में नाकामी के आरोप लगाए।
BJP ने तीनों पूर्व सांसदों के पार्टी में शामिल होने को पश्चिम बंगाल में संगठन के लिए बड़ी मजबूती बताया है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद TMC के अंदर बढ़ती नाराजगी के बीच इसे पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।





