विदेश

चीन की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, 28 लोगों की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

चीन के फुजियान प्रांत में गुरुवार को एक जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग में कम से कम 28 लोगों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया के मुताबिक, कई घंटों की मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया और फैक्ट्री के अंदर फंसे लोगों की तलाश की। यह हादसा जिनजियांग शहर की हुईतेंग शूज फैक्ट्री में दोपहर करीब 12 बजे हुआ। आग लगने के बाद पूरी इमारत धुएं और लपटों से घिर गई। शुरुआती जानकारी में आशंका जताई गई थी कि कई कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर फंसे हो सकते हैं।

चीनी मीडिया CCTV की तस्वीरों में दमकलकर्मी फैक्ट्री पर पानी डालते नजर आए, जबकि इमारत की खिड़कियों से काला धुआं निकल रहा था। कुछ कर्मचारियों ने आग से बचने के लिए खिड़कियों और छत पर शरण ली।

चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय के अनुसार, राहत और बचाव कार्य में 183 दमकलकर्मी और बचावकर्मी लगाए गए थे। इसके लिए 35 आपातकालीन वाहनों को भी मौके पर भेजा गया। जिनजियांग के फायर चीफ डू झेनझोउ ने बताया कि बचाव अभियान में काफी मुश्किलें आईं, क्योंकि फैक्ट्री में रखे जूते बनाने वाले सामान के कारण सीढ़ियां और रास्ते बंद हो गए थे। उन्होंने कहा कि जूते बनाने में इस्तेमाल होने वाले ज्वलनशील पदार्थ और गोंद की वजह से आग तेजी से फैली।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने इस घटना पर दुख जताते हुए इसे “भारी मानवीय नुकसान” वाला हादसा बताया। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द हादसे की वजह पता लगाने और जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

शी जिनपिंग ने देश में हाल के औद्योगिक हादसों का जिक्र करते हुए कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कदम उठाने को कहा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button