
नई दिल्ली: कॉमेडी फिल्म फ्रेंचाइजी ‘धमाल’ की चौथी किस्त ‘Dhamaal 4’ आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है, जिसकी मुख्य वजह इसकी बेहतरीन स्टारकास्ट और मजेदार ट्रेलर है। लेकिन फिल्म की शुरुआत में ही मेकर्स ने दर्शकों को एक ऐसा सरप्राइज दिया है, जिसे देखकर हर कोई भावुक हो गया।
AI और CGI से लौटे ‘बाटा भाई’
‘Dhamaal 4’ की ओपनिंग एक एनिमेटेड सीक्वेंस से होती है, जिसमें दिवंगत अभिनेता सतिश कौशिक अपने मशहूर किरदार ‘बाटा भाई’ के रूप में नजर आ रहे हैं। सतिश कौशिक ने ‘डबल धमाल’ (2011) में इस किरदार को निभाया था, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया था। 2023 में उनके निधन के बाद, मेकर्स ने एआई (AI) और CGI तकनीक का इस्तेमाल कर उनके इस आइकॉनिक किरदार को पर्दे पर फिर से जीवंत किया है। फिल्म के क्रेडिट्स में सतिश कौशिक की पत्नी शशि कौशिक का भी आभार व्यक्त किया गया है।
जैकी श्रॉफ और ‘मनी हाइस्ट’ का तड़का
इस एनिमेटेड सीक्वेंस में जैकी श्रॉफ की भी उपस्थिति है। ‘धमाल’ फ्रेंचाइजी में यह उनका दूसरा स्पेशल अपीयरेंस है। इससे पहले ‘टोटल धमाल’ (2019) में उन्होंने जीपीएस (GPS) को अपनी आवाज दी थी।
इतना ही नहीं, फिल्म में ‘मनी हाइस्ट’ का भी एक दिलचस्प कनेक्शन देखने को मिला है। फिल्म का गाना ‘पैसा लाओ’ मशहूर इटालियन गाने ‘बेला चाओ’ का रीक्रिएटेड वर्जन है, जिसे तनिष्क बागची ने कंपोज किया है और नीरज श्रीधर ने आवाज दी है।
फिल्म की स्टारकास्ट और मेकिंग
इंद्र कुमार द्वारा निर्देशित इस फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, संजय मिश्रा और जावेद जाफरी जैसे कलाकार नजर आ रहे हैं। वहीं, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख, अंजलि आनंद, उपेंद्र लिमये, विजय पाटकर और रवि किशन जैसे नए चेहरे भी फिल्म का हिस्सा हैं। ‘धमाल 4’ को गुलशन कुमार और टी-सीरीज द्वारा प्रस्तुत किया गया है।





