ऑस्कर 2026 नॉमिनेशन का ऐलान आज , भारत में शाम को देख सकेंगे लाइव

मार्च में होने वाले ऑस्कर 2026 अवॉर्ड्स के लिए नामांकन का ऐलान आज गुरुवार को किया जाएगा। 98वें अकादमी अवॉर्ड्स की इस अहम घोषणा को एक्टर डेनियल ब्रूक्स और लुईस पुलमैन होस्ट करेंगे। दोनों कलाकार अलग-अलग कैटेगरी में ऑस्कर के लिए नॉमिनी फिल्मों और कलाकारों के नामों का खुलासा करेंगे।
भारत में कब और कहां देखें ऑस्कर नॉमिनेशन
ऑस्कर अवॉर्ड्स का आयोजन 15 मार्च 2026 को होगा। इससे पहले आज गुरुवार को नामांकन की घोषणा की जा रही है।
अमेरिका में यह ऐलान सुबह 8:30 बजे (EST) होगा, जबकि भारतीय समय के अनुसार शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच नॉमिनेशन सामने आएंगे।
भारतीय दर्शक ऑस्कर नॉमिनेशन को Oscar.com और Oscar.org पर लाइव देख सकते हैं। इसके अलावा यह इवेंट यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर भी लाइव स्ट्रीम किया जाएगा। अकादमी अवॉर्ड्स के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार अपडेट मिलते रहेंगे।
टॉप 15 में पहुंची भारतीय फिल्म ‘होमबाउंड’
भारत के लिए इस साल अच्छी खबर यह है कि फिल्म ‘होमबाउंड’ ने ऑस्कर 2026 में मजबूत दावेदारी पेश की है। इस फिल्म को बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी में भारत की आधिकारिक एंट्री के तौर पर भेजा गया था।
‘होमबाउंड’ वोटिंग के अगले राउंड में पहुंच चुकी है और इसे टॉप 15 शॉर्टलिस्ट फिल्मों में जगह मिली है। अब इनमें से सिर्फ 5 फिल्मों को फाइनल नॉमिनेशन मिलेगा, जिसका फैसला आज किया जाएगा।
ऑस्कर रेस में शामिल अन्य भारतीय फिल्में
‘होमबाउंड’ के अलावा कुछ और भारतीय फिल्में भी ऑस्कर की दौड़ में शामिल हैं। हाल ही में अकादमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने बेस्ट पिक्चर कैटेगरी के लिए 201 फिल्मों की पात्रता सूची जारी की थी, जिसमें 5 भारतीय फिल्में भी शामिल रहीं।
इनमें ऋषभ शेट्टी की ‘कंतारा: चैप्टर 1’ को बेस्ट फिल्म, निर्देशन, अभिनय, छायांकन और पटकथा जैसी कई कैटेगरी में पात्र माना गया है। इसके अलावा ‘महावतार नरसिम्हा’, ‘टूरिस्ट फैमिली’, ‘तन्वी द ग्रेट’ और ‘सिस्टर मिडनाइट’ भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
फिल्म ‘होमबाउंड’ की स्टारकास्ट
नीरज घेवान के निर्देशन में बनी ‘होमबाउंड’ में ईशान खट्टर, विशाल जेठवा और जान्हवी कपूर अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। इस फिल्म को करण जौहर, आदर पूनावाला, अपूर्व मेहता और सोमेन मिश्रा ने प्रोड्यूस किया है।
यह फिल्म भारतीय सिनेमाघरों में 26 सितंबर 2025 को रिलीज हुई थी।
अब सभी की निगाहें आज होने वाले ऑस्कर नॉमिनेशन पर टिकी हैं, जहां यह तय होगा कि कौन-सी फिल्में और कलाकार ऑस्कर 2026 की अंतिम रेस में पहुंचते हैं।





