विदेश

न्यू जर्सी में दिल दहला देने वाली घटना, भारतीय मूल की महिला पर दो बच्चों की हत्या का आरोप

अमेरिका के न्यू जर्सी राज्य में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 35 साल की भारतीय मूल की एक महिला को अपने दो मासूम बच्चों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला की पहचान प्रियाथर्सिनी नटराजन के रूप में हुई है, जो न्यू जर्सी के हिल्सबोरो इलाके में रहती है।

मामले की जानकारी देते हुए सोमरसेट काउंटी के प्रॉसिक्यूटर जॉन मैकडॉनल्ड ने बताया कि यह घटना मंगलवार की शाम की है। 13 जनवरी को करीब 6:45 बजे पुलिस को 911 पर एक कॉल मिली। कॉल करने वाला व्यक्ति बच्चों का पिता बताया जा रहा है। उसने पुलिस को बताया कि जब वह काम से घर लौटा तो उसने अपने दोनों बेटों को बेहोशी की हालत में देखा। उसने आशंका जताई कि उसकी पत्नी ने बच्चों के साथ कुछ किया है।

सूचना मिलते ही हिल्सबोरो पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और मेडिकल टीम ने एक बेडरूम में दोनों बच्चों को मृत पाया। बच्चों की उम्र 5 और 7 साल बताई गई है। उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने बच्चों की मां प्रियाथर्सिनी नटराजन को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। महिला पर फर्स्ट डिग्री मर्डर के दो आरोप लगाए गए हैं। इसके अलावा उस पर गैरकानूनी मकसद से हथियार रखने का भी एक आरोप दर्ज किया गया है।

प्रॉसिक्यूटर मैकडॉनल्ड के अनुसार, मामले की जांच हिल्सबोरो टाउनशिप पुलिस के साथ मिलकर की जा रही है। जांच में सोमरसेट काउंटी प्रॉसिक्यूटर ऑफिस की मेजर क्राइम्स यूनिट, क्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन यूनिट और न्यू जर्सी नॉर्दर्न रीजनल मेडिकल एग्जामिनर का ऑफिस भी शामिल है।

उन्होंने बताया कि बच्चों की पहचान की औपचारिक पुष्टि और मौत की असली वजह जानने के लिए मेडिकल एग्जामिनर के ऑफिस द्वारा पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से घटना की पड़ताल कर रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button