खेल

फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 के लिए 50 करोड़ से ज्यादा टिकटों की मांग, FIFA ने जारी किए आंकड़े

फीफा (FIFA) ने बुधवार, 14 जनवरी 2026 को बताया कि इस साल होने वाले फुटबॉल वर्ल्ड कप के लिए उसे अब तक 500 मिलियन (50 करोड़) से ज्यादा टिकट रिक्वेस्ट मिल चुकी हैं। यह आंकड़ा वर्ल्ड कप को लेकर दुनियाभर में जबरदस्त उत्साह को दिखाता है। फीफा के मुताबिक, मेज़बान देश अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा के अलावा सबसे ज्यादा टिकट अनुरोध जर्मनी, इंग्लैंड, ब्राज़ील, स्पेन, पुर्तगाल, अर्जेंटीना और कोलंबिया में रहने वाले फुटबॉल फैंस की तरफ से आए हैं।

टिकट की कीमतों को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। फीफा कुछ मुकाबलों के लिए एक टिकट की कीमत 8,680 डॉलर तक रख रहा है। भारी आलोचना के बाद फीफा ने पिछले महीने घोषणा की थी कि टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाली 48 राष्ट्रीय फुटबॉल फेडरेशनों को हर मैच के लिए 60 डॉलर के टिकट दिए जाएंगे। इन टिकटों को संबंधित फेडरेशन अपने उन फैंस में बांटेंगी, जो पहले उनकी टीम के मैच देखने पहुंचे थे।

फीफा ने यह भी बताया कि तीसरे बिक्री चरण (11 दिसंबर से 13 जनवरी तक) में सबसे ज्यादा मांग 27 जून को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में होने वाले कोलंबिया बनाम पुर्तगाल मैच की रही। इसके बाद 18 जून को ग्वाडलाहारा में मैक्सिको बनाम साउथ कोरिया, 19 जुलाई को न्यू जर्सी में फाइनल मुकाबला, 11 जून को मैक्सिको सिटी में उद्घाटन मैच (मैक्सिको बनाम साउथ अफ्रीका) और 2 जुलाई को टोरंटो में दूसरे दौर का एक मैच सबसे ज्यादा मांगे गए मुकाबलों में शामिल रहे।

फीफा ने साफ किया है कि जिन मैचों के लिए टिकटों की मांग उपलब्धता से ज्यादा है, वहां ड्रॉ (लॉटरी) के जरिए टिकट आवंटित किए जाएंगे। टिकट के लिए आवेदन करने वालों को 5 फरवरी के बाद उनके आवेदन की स्थिति के बारे में जानकारी दी जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button