AI साइंस-टेक्नोलॉजी

Google Gemini बना वर्चुअल दुकानदार, अब चैट में ही होगी सीधी खरीदारी

गूगल ने रविवार को घोषणा की कि वह अपने AI चैटबॉट Gemini में शॉपिंग फीचर्स को और मजबूत कर रहा है। इसके लिए गूगल ने Walmart, Shopify, Wayfair समेत कई बड़े रिटेल ब्रांड्स के साथ साझेदारी की है। इस कदम के बाद Gemini अब सिर्फ एक डिजिटल असिस्टेंट ही नहीं, बल्कि एक वर्चुअल दुकानदार की तरह भी काम करेगा।

गूगल और वॉलमार्ट के मुताबिक, नए इंस्टेंट चेकआउट फीचर के जरिए ग्राहक बिना Gemini चैट छोड़े ही खरीदारी कर सकेंगे। ग्राहक अलग-अलग पेमेंट ऑप्शन्स का इस्तेमाल करते हुए सीधे चैट के अंदर ही भुगतान कर पाएंगे।

इस फीचर की जानकारी न्यूयॉर्क में नेशनल रिटेल फेडरेशन (NRF) के सालाना सम्मेलन के पहले दिन दी गई। इस तीन दिवसीय इवेंट में करीब 40 हजार रिटेल और टेक्नोलॉजी कंपनियों से जुड़े लोग शामिल हो रहे हैं। सम्मेलन में ई-कॉमर्स में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका और उपभोक्ता व्यवहार पर उसके असर पर खास चर्चा हो रही है।

वॉलमार्ट के आने वाले प्रेसिडेंट और CEO जॉन फर्नर ने गूगल और अल्फाबेट के CEO सुंदर पिचाई के साथ जारी संयुक्त बयान में कहा कि पारंपरिक वेबसाइट या ऐप सर्च से आगे बढ़कर AI आधारित खरीदारी रिटेल सेक्टर का अगला बड़ा बदलाव है। गूगल के नए AI शॉपिंग फीचर के तहत, अगर कोई ग्राहक Gemini से पूछता है कि सर्दियों में स्की ट्रिप के लिए कौन-सा सामान चाहिए, तो चैटबॉट सीधे साझेदार रिटेलर्स के स्टॉक से जुड़े प्रोडक्ट्स की लिस्ट दिखाएगा।

वॉलमार्ट के मामले में, अगर ग्राहक अपने वॉलमार्ट और गूगल अकाउंट को लिंक करता है, तो Gemini उसकी पिछली खरीदारी के आधार पर सुझाव देगा। साथ ही, चैटबॉट के जरिए चुने गए प्रोडक्ट्स अपने आप वॉलमार्ट या सैम्स क्लब के ऑनलाइन शॉपिंग कार्ट में जुड़ जाएंगे।

इस नए फीचर से ऑनलाइन खरीदारी का तरीका और भी आसान और तेज होने की उम्मीद है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button