मुंबई में हुई भारत-ब्रिटेन की अहम बैठक, पीएम मोदी और पीएम स्टारमर ने जारी किया संयुक्त बयान

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री स्टारमर ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शुक्रवार को मुंबई के राजभवन में मुलाकात की। प्रधानमंत्री बनने के बाद स्टारमर का यह पहला भारत दौरा है। दोनों नेताओं के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत भी हुई, जिसमें व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीकी सहयोग और वैश्विक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
🇮🇳-🇬🇧| Together for stronger India-UK ties.
PM @narendramodi welcomes PM @Keir_Starmer of UK at Raj Bhawan, Mumbai. pic.twitter.com/eG7cpbSOBF
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) October 9, 2025
बैठक में भारत-यूके विजन 2035 को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने को लेकर सहमति जताई गई। यह विजन दोनों देशों की दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी को मजबूती देने का रोडमैप है। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि जुलाई में अपनी लंदन यात्रा के दौरान उन्होंने इस विजन को मजबूती से आगे बढ़ाने की बात कही थी और अब प्रधानमंत्री स्टारमर ने भी इसका पूरा समर्थन किया है।
बैठक के बाद दोनों प्रधानमंत्रियों ने एक संयुक्त बयान जारी किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्टारमर के नेतृत्व में भारत-ब्रिटेन संबंध नई ऊंचाइयों पर पहुंचे हैं। उन्होंने इस साल जुलाई में भारत और ब्रिटेन के बीच हुए ‘व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते’ (सीईटीए) को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
बैठक के बाद दोनों नेता मुंबई के जिओ वर्ल्ड सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने सीईओ फोरम में हिस्सा लिया। इसके बाद दोनों नेता ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल (GFF) के छठवें संस्करण में शामिल हुए और मुख्य भाषण भी दिया।
इस पूरी यात्रा और बैठक को भारत-ब्रिटेन के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों के लिहाज से एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। दोनों देशों ने साझा रूप से मिलकर काम करने के अपने संकल्प को दोहराया है और भविष्य में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।





