60 करोड़ की ठगी केस में फंसे शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा, मुंबई पुलिस ने की घंटों पूछताछ
मुंबई: बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा पर दर्ज 60.4 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी मामले में जांच तेज हो गई है. मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने सोमवार को शिल्पा शेट्टी के जुहू स्थित घर पर पहुंचकर करीब 4.30 घंटे तक पूछताछ की. सूत्रों के अनुसार, इस दौरान पुलिस ने शिल्पा और राज कुंद्रा—दोनों के बयान दर्ज किए.
शिल्पा ने दिए दस्तावेज़, बैंक ट्रांजेक्शन की जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शिल्पा शेट्टी से उनकी एडवरटाइजिंग कंपनी के बैंक खातों से जुड़े कुछ ट्रांजेक्शन को लेकर सवाल पूछे गए. उन्होंने पुलिस को कई संबंधित दस्तावेज़ सौंपे, जिन्हें अब वेरिफाई किया जा रहा है.
EOW अधिकारियों का कहना है कि जांच के दायरे में आने वाली कंपनी में शिल्पा शेट्टी एक बड़ी शेयरहोल्डर हैं. पुलिस को मिले सबूतों के अनुसार, कंपनी की शेयरहोल्डर होने के बावजूद शिल्पा ने कथित तौर पर सेलेब्रिटी फीस ली, जिसे कंपनी के खर्च के रूप में दिखाया गया — इसे रकम की हेराफेरी का हिस्सा माना जा रहा है.
राज कुंद्रा का दावा — “लोन को इक्विटी में बदला गया था”
रिपोर्ट्स के अनुसार, राज कुंद्रा ने अपने बयान में कहा कि धोखाधड़ी की शिकायत करने वाले दीपक कोठारी, जो यूवाई इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं, की NBFC से उन्होंने 60 करोड़ रुपये का लोन लिया था. बाद में इस रकम को कोठारी की कंपनी में इक्विटी के रूप में एडजस्ट किया गया.
राज कुंद्रा ने यह भी बताया कि इस रकम में से लगभग 20 करोड़ रुपये का उपयोग सेलेब्रिटी प्रमोशन, ब्रॉडकास्ट और अन्य खर्चों में किया गया था. उन्होंने पुलिस को एक्ट्रेस विपाशा बसु और नेहा धूपिया को किए गए भुगतान और प्रमोशनल तस्वीरें भी सौंपी हैं.
क्या है पूरा मामला?
मुंबई पुलिस की EOW ने इसी साल अगस्त 2025 में राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी के खिलाफ 60.4 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था. सितंबर में दोनों के खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी किया गया था.
यह मामला अब बंद हो चुकी कंपनी “बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड” से जुड़ा है. शिकायतकर्ता दीपक कोठारी ने आरोप लगाया है कि राज कुंद्रा और शिल्पा शेट्टी ने 2015 से 2023 के बीच उन्हें इस बिजनेस में निवेश करने के लिए प्रेरित किया, लेकिन बाद में धनराशि का दुरुपयोग किया गया.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





