पूर्व केरल CM पिनराई विजयन के घर ED की छापेमारी, CMRL मनी लॉन्ड्रिंग केस में जांच तेज

New Delhi: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री Pinarayi Vijayan के आवास समेत राज्य के कई ठिकानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित CMRL (Cochin Minerals and Rutile Limited) मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी जांच के तहत की गई।
जानकारी के अनुसार, प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत केरल में करीब 10 स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया गया। इनमें तिरुवनंतपुरम स्थित पूर्व मुख्यमंत्री का आवास भी शामिल बताया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला CMRL और कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़ा है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि कंपनी द्वारा कुछ संदिग्ध भुगतान किए गए थे, जिनकी जांच अब मनी लॉन्ड्रिंग एंगल से की जा रही है।
ईडी की जांच के दायरे में कथित तौर पर Exalogic Solutions नाम की आईटी कंपनी भी आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस कंपनी का संबंध विजयन परिवार से जोड़ा जा रहा है।
हालांकि, अब तक पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को इस मामले में सीधे तौर पर आरोपी घोषित नहीं किया गया है।
केरल हाई कोर्ट से भी मिला झटका
इससे पहले केरल हाई कोर्ट ने CMRL की उस याचिका को खारिज कर दिया था जिसमें कंपनी ने ईडी की कार्रवाई और समन प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की थी।
कोर्ट ने अंतरिम राहत बढ़ाने से भी इनकार किया और कहा कि आगे किसी कार्रवाई की स्थिति में कानूनी विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
बेटी का नाम आने से बढ़ा राजनीतिक असर
मामले को लेकर राजनीतिक चर्चा इसलिए भी तेज हुई क्योंकि रिपोर्ट्स में विजयन की बेटी Veena Thaikkandiyil की कंपनी का उल्लेख सामने आया है। जांच एजेंसियां कथित भुगतान और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही हैं।
अलग कार्रवाई में तमिलनाडु में भी ED सक्रिय
इसी बीच ईडी ने तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै में भी मादक पदार्थों से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क पर कार्रवाई की। जांच एजेंसियों के अनुसार, यह मामला समुद्री रास्तों से अवैध तस्करी से जुड़ा है।





