
बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ Akshay Kumar अपने प्रशंसकों के लिए एक नई और रोमांचक फिल्म की घोषणा के साथ चर्चा में हैं। अक्षय कुमार ने निर्माता विपुल अमृतलाल शाह के साथ अपनी अगली फिल्म ‘समुक’ (Samuk) के लिए हाथ मिलाया है। इस फिल्म को निर्माताओं द्वारा भारत की अब तक की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी ‘एलियन एक्शन स्पेक्टेकल’ (Alien Action Spectacle) के रूप में पेश किया जा रहा है।
क्या है फिल्म ‘समुक’ की खासियत?
‘समुक’ एक साइंस-फिक्शन थ्रिलर है जो सर्वाइवल हॉरर और एलियन थ्रिलर तत्वों का एक बेहतरीन मिश्रण है। फिल्म का निर्देशन कनिष्क वर्मा कर रहे हैं। यह प्रोजेक्ट अक्षय कुमार के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें वे पहली बार साइंस-फिक्शन एलियन जॉनर में नजर आएंगे।
निर्माता विपुल शाह का मानना है कि यह फिल्म अपनी तरह की पहली ऐसी कोशिश है जहाँ ग्राउंडेड एक्शन और हाई-एंड विजुअल वर्ल्ड-बिल्डिंग का मेल देखने को मिलेगा। निर्देशक कनिष्क वर्मा ने बताया कि ‘समुक’ की प्रेरणा ‘एलियन’ और ‘प्रेडिएटर’ जैसी प्रतिष्ठित साइंस-फिक्शन फिल्मों से ली गई है, जो इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का अनुभव देगी।
हॉलीवुड की तर्ज पर तैयारी
फिल्म के दृश्यों को वास्तविक बनाने के लिए मेकर्स ने एक अंतरराष्ट्रीय तकनीकी टीम को शामिल किया है। इसमें हॉलीवुड के मशहूर क्रिएचर FX डिजाइनर एलेक गिलिस और ब्रिटिश स्टंट कोऑर्डिनेटर ल्यूक टंबर प्रमुख हैं। यह फिल्म बड़े पर्दे पर एक अलग ही दृश्य अनुभव देने का वादा करती है।
अक्षय कुमार ने इस फिल्म की स्क्रिप्ट को बेहद “आकर्षक” बताया है और वे भारतीय सिनेमा में इस अनोखे प्रयोग को लेकर काफी उत्साहित हैं। फिल्म का निर्माण विपुल अमृतलाल शाह और आश्विन ए शाह द्वारा किया जा रहा है। दर्शकों को इस धमाकेदार साइंस-फिक्शन थ्रिलर के लिए 2027 तक का इंतजार करना होगा, जब यह फिल्म थियेटर्स में रिलीज होगी।





