5 साल बाद भारत-चीन हवाई संपर्क बहाल, अक्टूबर से शुरू होंगी फ्लाइट्स

भारत ने गुरुवार को एक अहम घोषणा करते हुए बताया कि भारत और चीन के बीच सीधी पैसेंजर फ्लाइट्स अक्टूबर 2025 के अंत तक दोबारा शुरू होंगी। ये दोनों देशों के बीच कोविड-19 महामारी के बाद पहली बार सीधी हवाई सेवा होगी, जो 2020 में बंद हो गई थी। विदेश मंत्रालय (MEA) ने बताया कि इस साल की शुरुआत से ही भारत और चीन के नागरिक उड्डयन विभागों के बीच तकनीकी बातचीत चल रही थी। इन बैठकों के बाद अब दोनों देशों ने नई एयर सर्विसेज एग्रीमेंट पर सहमति जताई है।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, “इन चर्चाओं के बाद तय हुआ है कि अक्टूबर 2025 के अंत तक, सर्दियों के उड़ान शेड्यूल के अनुसार, भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू की जा सकती हैं। यह दोनों देशों की एयरलाइनों के व्यावसायिक फैसले और जरूरी तकनीकी मानकों को पूरा करने पर निर्भर करेगा।” सरकार ने उम्मीद जताई है कि इस फैसले से दोनों देशों के बीच यात्रा, व्यापार और सांस्कृतिक संपर्क को बढ़ावा मिलेगा और आपसी रिश्तों में धीरे-धीरे सुधार होगा।
यह ऐलान ऐसे समय पर हुआ है जब हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) सम्मेलन के दौरान हुई थी। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों को स्थिर करने और मतभेदों को संभालने के तरीकों पर चर्चा की थी।
बता दें कि भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें 2020 की शुरुआत में कोविड-19 और सीमा विवाद के कारण बंद कर दी गई थीं। अब ये सेवाएं फिर से शुरू होना संबंधों में धीरे-धीरे हो रहे सुधार का संकेत मानी जा रही हैं।





