विदेश

उत्तरी यरुशलम में बस स्टॉप पर आतंकी हमला, 6 की मौत, 15 घायल

उत्तरी यरुशलम के एक व्यस्त चौराहे पर सोमवार सुबह बड़ा आतंकी हमला हुआ। भीड़भाड़ के बीच अचानक फायरिंग शुरू हो गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई। हमले में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में मौके पर ही दो हमलावरों को मार गिराया।

इजरायली मीडिया के मुताबिक, हमला उस समय हुआ जब दो हमलावर एक बस में सवार हुए और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। यह घटना उत्तरी यरुशलम के प्रवेश द्वार पर स्थित एक प्रमुख चौराहे पर हुई, जो पूर्वी यरुशलम से यहूदी बस्तियों की ओर जाने वाली सड़क पर पड़ता है। घटना के दौरान वहां मौजूद लोग जान बचाने के लिए भागते नजर आए। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में बस स्टॉप के पास भगदड़ के दृश्य और सड़क पर घायल पड़े लोग दिखाई दे रहे हैं।

हमले के बाद का मंजर बेहद खौफनाक था। चिकित्सकों ने बताया कि इलाके में टूटे शीशे बिखरे थे और फुटपाथ पर कई लोग घायल और बेहोश पड़े थे। मेडिकल टीमों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इस हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है। गाजा में जारी युद्ध के बीच हाल के महीनों में इजरायल और कब्जे वाले वेस्ट बैंक में हिंसा बढ़ी है। अक्टूबर 2024 में तेल अवीव क्षेत्र में हुई एक घातक फायरिंग में 7 लोग मारे गए थे, जिसकी जिम्मेदारी हमास की सैन्य शाखा ने ली थी।

हमला ऐसे समय में हुआ है जब हाल ही में इजरायल ने गाजा में एक ऊंची इमारत को ध्वस्त किया था। इसके बाद इजरायली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने बयान दिया था कि यह सिर्फ शुरुआत है और कार्रवाई रुकने वाली नहीं है। उन्होंने साफ चेतावनी दी थी कि आने वाले दिनों में सेना की गतिविधियां और तेज होंगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button