एक्साइटमेंट, नर्वसनेस और पापा का प्यार… आर्यन खान का अनोखा डेब्यू!

नेटफ्लिक्स की आने वाली सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’* से लेखक-डायरेक्टर के तौर पर डेब्यू करने जा रहे आर्यन खान ने 20 अगस्त को पहली बार पब्लिक स्टेज शेयर किया। इस इवेंट में शो की स्टारकास्ट को पेश किया गया। स्टेज पर आते ही आर्यन ने माना कि वे काफी नर्वस थे। कई दिनों तक स्पीच की प्रैक्टिस करने के बावजूद उन्हें टेलीप्रॉम्प्टर का सहारा लेना पड़ा। आर्यन ने अपनी जेब से एक पेपर निकाला, जिस पर उन्होंने स्पीच लिखी थी। यहां तक कि पढ़ने में आसानी के लिए वह टॉर्च भी लेकर आए थे। लेकिन सबसे बड़ा बैकअप उनका ‘पापा’ निकले।
सुपरस्टार शाहरुख खान, जो स्टेज पर उनके साथ मौजूद थे, ने अपनी पीठ पर आर्यन की स्पीच वाला पेपर चिपकाया हुआ था। शाहरुख हाल ही में कंधे की सर्जरी के बाद रिकवरी में हैं और उनका हाथ स्लिंग बैग में था, लेकिन फिर भी उन्होंने पूरे इवेंट में बेटे का साथ दिया। उन्होंने कास्ट और उनके किरदारों को इंट्रोड्यूस किया और आखिर में आर्यन को स्टेज पर बुलाया।
शाहरुख खान को जहां ‘किंग ऑफ बॉलीवुड’ कहा जाता है, वहीं आर्यन को इंडस्ट्री का ‘क्राउन प्रिंस’ माना जाता है। सबको उम्मीद थी कि शाहरुख का बेटा एक्टिंग से डेब्यू करेगा, लेकिन आर्यन ने सबको चौंकाते हुए निर्देशन का रास्ता चुना।
27 साल के आर्यन ने यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया (USC) से फिल्ममेकिंग और टेलीविजन प्रोडक्शन की पढ़ाई की है। वे एक्टिंग के बजाय एक स्टोरीटेलर और फिल्ममेकर के तौर पर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। उनकी बहन सुहाना खान ने 2023 में जोया अख्तर की फिल्म ‘द आर्चीज’ से एक्टिंग डेब्यू किया था।





