अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामले में राहुल गांधी को मिली जमानत

अमित शाह के खिलाफ आपत्तीजनक टिप्पणी के मामले में कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी को कोर्ट से जमानत मिल गई है. कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी आज 6 अगस्त को झारखंड के चाईबासा कोर्ट में पेश हुए. यह पेशी गृहमंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से जुड़े एक मानहानि मामले में हुई है.
राहुल गांधी 2018 में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के लिए उनके खिलाफ दर्ज मानहानि के एक मामले में चाईबासा स्थित एमपी-एमएलए विशेष अदालत में पेश हुए.
राहुल गांधी ने खुद कोर्ट में अंडरटेकिंग दी कि वह आगे की न्यायिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे. इस मामले में कोर्ट ने उन पर आरोप तय कर दिए हैं. अब शिकायतकर्ता की ओर से साक्ष्य और गवाही की प्रक्रिया शुरू होगी. शिकायतकर्ता के अधिवक्ता विनोद साहू ने जानकारी दी कि राहुल गांधी ने कोर्ट में अमित शाह के खिलाफ दिए गए अपने बयान से इनकार किया है.
यह मामला प्रताप कुमार नामक एक व्यक्ति ने चाईबासा कोर्ट में दायर किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि राहुल गांधी ने अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है. इसी मामले में कोर्ट ने राहुल गांधी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था.
If you want to fact-check any story, WhatsApp it now on +91 11 7127 9799 or Click Here





