भारत

इंदौर फिर बना देश का सबसे स्वच्छ शहर, लगातार आठवीं बार मिला पहला स्थान

केंद्र सरकार के वार्षिक स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 के नतीजों में इंदौर ने एक बार फिर अपनी स्वच्छता की मिसाल कायम की है। इस साल भी इंदौर को लगातार आठवीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। वहीं, गुजरात का सूरत इस रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहा। स्वच्छता सर्वेक्षण के नतीजे गुरुवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में घोषित किए गए।

इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने विजेता शहरों को पुरस्कार प्रदान किए। यह समारोह आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, स्वच्छ सर्वेक्षण मिशन का मुख्य उद्देश्य देशभर में नागरिकों की भागीदारी को बढ़ावा देना है, ताकि हर शहर और कस्बे को रहने योग्य, स्वच्छ और टिकाऊ बनाया जा सके। इस साल यह सर्वेक्षण अपने नौवें संस्करण में प्रवेश कर चुका है।

2024-25 के सर्वेक्षण में देश के 4,500 से अधिक शहरों को शामिल किया गया। शहरों के प्रदर्शन का आकलन 10 मानकों और 54 संकेतकों के आधार पर किया गया, जिसमें स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, सेवा वितरण और नवाचार जैसे बिंदुओं को ध्यान में रखा गया। इस उपलब्धि के साथ इंदौर ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि निरंतर प्रयास, बेहतर प्रशासन और जागरूक नागरिकों की भागीदारी से कोई भी शहर देशभर में मिसाल बन सकता है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button