‘वॉर 2’ का नया पोस्टर जारी, ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर के बीच दिखा टकराव, कियारा आडवाणी भी एक्शन मोड में

यशराज फिल्म्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वॉर 2’ का नया पोस्टर रिलीज कर दिया है। यह पोस्टर उनके ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया गया, जिसमें फिल्म के तीनों लीड एक्टर्स – ऋतिक रोशन, जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी नजर आ रहे हैं। पोस्टर में जबरदस्त एक्शन और टकराव की झलक दिखाई दे रही है। ऋतिक रोशन तलवार लिए हुए इंटेंस लुक में दिख रहे हैं, जबकि जूनियर एनटीआर गुस्से से भरे एक्सप्रेशन में नजर आते हैं। दोनों स्टार्स एक बोट पर आमने-सामने खड़े हैं, जो फिल्म में उनके बीच जबरदस्त भिड़ंत की ओर इशारा करता है। कियारा आडवाणी भी अपने किरदार में दमदार नजर आ रही हैं, हाथ में बंदूक थामे हुए।
View this post on Instagram
इस एक्शन पैक्ड पोस्टर को सोशल मीडिया पर दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। यूजर्स ने पोस्टर की तारीफ करते हुए कमेंट्स की झड़ी लगा दी है। किसी ने लिखा, “जय एनटीआर!” तो किसी ने ऋतिक रोशन के लुक पर फायर और हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी। ‘वॉर 2’ की रिलीज डेट भी सामने आ गई है। यह फिल्म 14 अगस्त 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी। खास बात यह है कि फिल्म हिंदी के साथ-साथ तेलुगु और तमिल भाषाओं में भी रिलीज होगी, जिससे यह पूरे देश के दर्शकों तक पहुंचने वाली है।
फिल्म का निर्देशन अयान मुखर्जी ने किया है, जो पहले ‘ब्रह्मास्त्र’ जैसी बड़ी फिल्म बना चुके हैं। ‘वॉर 2’ यशराज स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है और इसमें हाई-ऑक्टेन एक्शन, इमोशन और ड्रामा देखने को मिलेगा। अब देखना होगा कि ऋतिक और जूनियर एनटीआर की यह भिड़ंत बड़े पर्दे पर कितना धमाल मचाती है।





