सैफ अली खान की ‘ज्वेल थीफ’ से वापसी, रिलीज हुआ नया गाना ‘जादू’

बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान जल्द ही नेटफ्लिक्स की आगामी फिल्म ‘ज्वेल थीफ’ में एक बिल्कुल नए अवतार में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में सैफ एक करिश्माई लुटेरे की भूमिका निभा रहे हैं। कूकी गुलाटी और रॉबी ग्रेवाल द्वारा निर्देशित यह थ्रिलर फिल्म 25 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है। दर्शक इस फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं और अब इसके प्रमोशन को नया मोड़ मिला है—फिल्म का पहला गाना ‘जादू’ आज रिलीज कर दिया गया है।
‘जादू’ गाने में सैफ अली खान, जयदीप अहलावत, कुणाल कपूर और निकिता दत्ता नजर आ रहे हैं। गाने को राघव चैतन्य ने अपनी soulful आवाज दी है और इसके बोल लिखे हैं गीतकार कुमार ने। वीडियो में सैफ अली खान एक शाही कुर्सी पर बैठे दिखाई देते हैं, और उनके इशारे पर एक नर्तकी मंच पर आती है। इसके बाद वे निकिता दत्ता के साथ रोमांटिक सीक्वेंस में नजर आते हैं, वहीं जयदीप अहलावत एक कीमती लाल हीरे के साथ नजर आते हैं। सैफ का डांस और चार्म गाने की खासियत बनकर उभरता है।
फिल्म की बात करें तो ‘ज्वेल थीफ’ एक थ्रिलर ड्रामा है, जिसमें चोरी, साजिश और बदले की दिलचस्प कहानी बुनी गई है। सैफ अली खान का किरदार एक शातिर चोर का है, जिसकी टक्कर होती है जयदीप अहलावत के किरदार से। फिल्म में कुणाल कपूर और निकिता दत्ता ने भी अहम भूमिकाएं निभाई हैं। एक्शन, सस्पेंस और रोमांच से भरपूर यह फिल्म नेटफ्लिक्स के साथ-साथ बड़े पर्दे पर भी धमाल मचाने को तैयार है।





