फिल्म ‘भूल चूक माफ’ की नई रिलीज डेट घोषित, 9 मई को देगी हंसी का डोज
बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘भूल चूक माफ’ को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म का निर्देशन करण शर्मा ने किया है, जबकि इसके निर्माता दिनेश विजान हैं। खास बात यह है कि इस फिल्म में राजकुमार के साथ वामिका गब्बी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी, और यह जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देगी।
पहले यह फिल्म 10 अप्रैल 2025 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसकी तारीख आगे बढ़ा दी गई है। मेकर्स ने आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि फिल्म अब 9 मई 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। माना जा रहा है कि इस बदलाव की वजह सनी देओल की फिल्म ‘जाट’ है, जो पहले 10 अप्रैल को रिलीज हो रही थी। बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी फिल्म से टक्कर लेने से बचने के लिए ‘भूल चूक माफ’ की रिलीज को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया।
फिल्म का पहला पोस्टर सामने आ चुका है, जिसमें राजकुमार और वामिका समेत अन्य कलाकारों की झलक देखने को मिली। पोस्टर के साथ निर्माताओं ने लिखा, “अपनी हल्दी में ही अटक गए रंजन और तितली! क्या उनकी शादी का दिन आएगा?”
View this post on Instagram
फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसमें कॉमेडी और सस्पेंस का अनोखा मिश्रण नजर आ रहा है। करण शर्मा द्वारा निर्देशित और लिखित इस फिल्म में राजकुमार राव और वामिका गब्बी के अलावा सीमा पाहवा, जाकिर हुसैन, रघुबीर यादव, संजय मिश्रा, प्रगति मिश्रा और जय ठक्कर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि 9 मई 2025 को जब ‘भूल चूक माफ’ रिलीज होगी, तो दर्शकों को यह कितनी पसंद आती है!





