‘केसरी चैप्टर-2’ का दमदार टीजर रिलीज, अक्षय कुमार फिर दिखाएंगे देशभक्ति की अनसुनी दास्तान!

बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार एक बार फिर देशभक्ति से भरपूर कहानी लेकर आ रहे हैं। ‘केसरी चैप्टर-2’ का टीजर रिलीज हो चुका है, जिसने फैंस के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। यह फिल्म जलियांवाला बाग हत्याकांड की अनसुनी दास्तान पर आधारित है और इसमें अक्षय कुमार निडर वकील सर सी. शंकरन नायर की भूमिका निभा रहे हैं, जिन्होंने ब्रिटिश साम्राज्य के खिलाफ ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी थी।
‘केसरी चैप्टर-2’ के टीजर की शुरुआत गोलियों की आवाज, चीखों और बढ़ते तनाव से होती है, जो एक डरावना और इंटेंस माहौल तैयार करता है। इसके बाद अमृतसर के गोल्डन टेंपल की झलक दिखती है, जहां अक्षय कुमार मत्था टेकते नजर आते हैं। फिर एक बड़ा बदलाव देखने को मिलता है – अक्षय एक वकील की यूनिफॉर्म में अदालत में खड़े हैं, जहां उन्हें ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ लड़ाई लड़ते हुए दिखाया गया है।
फिल्म की कहानी पुष्पा पलात और रघु पलात की चर्चित किताब ‘The Case That Shook the Empire’ पर आधारित है। इस किताब में बताया गया है कि सर सी. शंकरन नायर ने जलियांवाला बाग हत्याकांड के खिलाफ ब्रिटिश हुकूमत को कैसे चुनौती दी थी। टीजर में एक दमदार डायलॉग भी है –”ये मत भूलो कि तुम अभी भी ब्रिटिश साम्राज्य के गुलाम हो!” इस डायलॉग से साफ जाहिर होता है कि फिल्म में इमोशन और ड्रामा भरपूर होने वाला है।
इस फिल्म का निर्देशन करण सिंह त्यागी ने किया है और इसे धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनाया गया है। फिल्म 18 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अक्षय कुमार के साथ फिल्म में अनन्या पांडे और आर. माधवन भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
अक्षय कुमार हाल ही में फिल्म ‘स्काई फोर्स’ में नजर आए थे। ‘केसरी चैप्टर-2’ के अलावा उनकी पाइपलाइन में ‘भूत बंगला’, ‘हाउसफुल 5’, ‘जॉली एलएलबी 3’ और ‘वेलकम 3’ जैसी कई बड़ी फिल्में शामिल हैं।





