UDAN योजना को मिलेगा 10 साल का विस्तार? PM मोदी कर सकते हैं बड़ी घोषणा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को राजस्थान के जोधपुर दौरे के दौरान केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी उड़ान (UDAN – उड़े देश का आम नागरिक) योजना को बड़ा विस्तार देने का ऐलान कर सकते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकार इस योजना की अवधि 10 साल बढ़ाकर अब 2037 तक करने की तैयारी में है।
यह घोषणा जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के उद्घाटन के दौरान की जा सकती है। इस मौके पर प्रधानमंत्री देशभर से आए उड़ान योजना से जुड़े ऑपरेटरों से भी बातचीत करेंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकार क्षेत्रीय हवाई सेवाओं को सस्ता और सुगम बनाए रखने के लिए आगे भी पर्याप्त धन उपलब्ध कराएगी। इसके तहत एयरलाइंस को मिलने वाली वित्तीय सहायता और सब्सिडी जारी रहेगी, जिससे छोटे शहरों और दूरदराज के इलाकों तक हवाई सेवाओं का विस्तार आसान होगा।
साल 2016 में शुरू की गई उड़ान योजना का उद्देश्य आम लोगों के लिए हवाई यात्रा को किफायती बनाना था। इस योजना के तहत चुनिंदा क्षेत्रीय मार्गों पर किराए की एक सीमा तय की जाती है और कम यात्रियों वाले या पहले से उपेक्षित हवाई अड्डों पर उड़ानें संचालित करने के लिए एयरलाइंस को आर्थिक सहायता दी जाती है।
पिछले कुछ वर्षों में इस योजना के जरिए कई बंद पड़े हवाई अड्डों को फिर से शुरू किया गया है और देश के छोटे शहरों की हवाई कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिला है।





