अमेरिका–ईरान वार्ता फिर संभव, पाकिस्तान में हो सकती है अहम बैठक

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका और ईरान के बीच एक बार फिर बातचीत होने की संभावना जताई जा रही है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया है कि अगले दो दिनों में दोनों देशों के बीच दूसरी दौर की बातचीत हो सकती है।
ट्रंप के अनुसार, यह बैठक पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में हो सकती है। इससे पहले 11 अप्रैल को हुई बातचीत में कोई खास नतीजा नहीं निकला था, लेकिन अब फिर से बातचीत की कोशिश की जा रही है।
ट्रंप ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की भी तारीफ की और कहा कि उनकी भूमिका से बातचीत दोबारा शुरू होने की उम्मीद बढ़ी है। यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब हॉर्मुज़ जलडमरूमध्य में अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी के बाद अमेरिका और ईरान के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
पाकिस्तान इस मामले में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है और बातचीत की मेजबानी करने की पेशकश की है। हालांकि, अभी बैठक की तारीख, स्थान और शामिल होने वाले प्रतिनिधियों को लेकर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। जिनेवा को भी एक संभावित स्थान के तौर पर देखा जा रहा है।
इस बीच, इस टकराव का असर वैश्विक बाजारों पर भी पड़ा है और क्षेत्र में जान-माल का नुकसान हुआ है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।





