AI साइंस-टेक्नोलॉजी

गुजरात में बनेगा इंडियन AI रिसर्च ऑर्गनाइजेशन, सीएम भूपेंद्र पटेल ने दी मंजूरी

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मंगलवार (30 दिसंबर 2025) को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए इंडियन एआई रिसर्च ऑर्गनाइजेशन (IAIRO) की स्थापना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी। यह संस्थान गांधीनगर के GIFT सिटी में स्थापित किया जाएगा और इसका उद्देश्य देश में एआई से जुड़े शोध और विकास कार्यों को मजबूती देना है।

गुजरात सरकार ने बताया कि IAIRO अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस रिसर्च और डेवलपमेंट पर केंद्रित रहेगा। इसके लिए राज्य सरकार ने 300 करोड़ रुपये के बजट आवंटन की भी घोषणा की है।

सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह एआई केंद्र राज्य सरकार, केंद्र सरकार और इंडियन फार्मास्युटिकल अलायंस (IPA) की त्रिपक्षीय साझेदारी के तहत स्थापित किया जाएगा। IAIRO को 1 जनवरी 2026 से GIFT सिटी में स्पेशल पर्पस व्हीकल (SPV) के रूप में शुरू किया जाएगा। इसे कंपनी अधिनियम 2013 की धारा 8 के तहत एक गैर-लाभकारी संस्था के रूप में पंजीकृत किया जाएगा।

इंडियन फार्मास्युटिकल अलायंस (IPA) इस परियोजना में प्रमुख निजी भागीदार होगा और वर्ष 2025-26 के लिए 25 करोड़ रुपये का योगदान देगा। IPA में सिप्ला, टोरेंट फार्मा और सन फार्मा सहित देश की 23 बड़ी दवा कंपनियां शामिल हैं।

IAIRO के मुख्य कार्यों में उन्नत एआई अनुसंधान, एआई आधारित उत्पाद और समाधान विकसित करना, तथा शिक्षण संस्थानों, उद्योगों, स्टार्टअप्स और सरकार के बीच सहयोग को बढ़ावा देना शामिल होगा। इसके अलावा यह संस्था बौद्धिक संपदा (IP) निर्माण, कौशल विकास और नीति आधारित शोध पर भी काम करेगी।

सरकार ने बताया कि IAIRO एक हाइब्रिड कंप्यूट मॉडल पर काम करेगा, जिसमें अपने GPU इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ-साथ IndiaAI Cloud जैसे राष्ट्रीय डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी उपयोग किया जाएगा। इससे भारत को एआई के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर मजबूत पहचान दिलाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button