दिल्ली में बढ़ती सर्दी के बीच प्रदूषण बेअसर, हवा की स्थिति ‘बेहद ख़राब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में कायम

दिल्ली में तापमान लगातार गिर रहा है, लेकिन प्रदूषण में किसी तरह की राहत देखने को नहीं मिल रही. सुबह के समय शहर घने स्मॉग की परत में लिपटा नजर आया, जिससे लोगों को सांस लेने और आवाजाही में परेशानी हो रही है. दिल्ली–एनसीआर की हवा की गुणवत्ता आज भी 350 से 400 के बीच बनी हुई है, जो ‘बेहद ख़राब’ से ‘गंभीर’ श्रेणी में मानी जाती है. बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए राजधानी में ग्रैप-3 लागू कर दिया गया है.
तापमान में गिरावट, धुंध ने बढ़ाई मुश्किलें
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट जारी है. बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह और शाम के समय ठंडक महसूस की जा रही है, वहीं छिटपुट कोहरा और धुंध भी बढ़ती परेशानी का कारण बना हुआ है.
दिल्ली के कई इलाकों में AQI 400 पार
प्रदूषण आंकड़ों के अनुसार राजधानी का बवाना इलाका आज सबसे ज्यादा प्रदूषित रहा, जहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स 427 दर्ज किया गया—जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है. वजीरपुर डिपो में AQI 401 रहा.
अन्य इलाकों का हाल इस प्रकार रहा:
- विवेक विहार: 396
- आईटीओ: 394
- अशोक विहार: 392
- चांदनी चौक: 384
- आनंद विहार: 384
- सोनिया विहार: 380
- नजफगढ़: 324
कई इलाकों में मामूली सुधार दिखा, लेकिन कुल मिलाकर हवा की गुणवत्ता अब भी बेहद ख़राब बनी हुई है. विशेषज्ञों का मानना है कि सर्दी बढ़ने के साथ प्रदूषण में और इजाफा संभव है.
‘गैस चैंबर’ में बदलती दिल्ली, अस्पतालों में बढ़े मरीज
बढ़ते प्रदूषण ने दिल्ली को गैस चैंबर जैसा बना दिया है, जिससे सांस के मरीजों की दिक्कतें बढ़ रही हैं. अस्पतालों में ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ रही है. मेदांता अस्पताल के चेयरमैन डॉ. नरेश त्रेहन ने चेतावनी देते हुए कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए सरकार को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए.
ग्रैप-3 लागू, स्कूलों और ऑफिसों को लेकर जारी सलाह
प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रैप-3 लागू करने के बावजूद हवा के स्तर में कोई खास सुधार नहीं दिखा. दिल्ली सरकार ने लोगों से निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील की है. पांचवीं कक्षा तक के स्कूलों में पढ़ाई को हाइब्रिड मोड में शिफ्ट किया गया है. साथ ही, लोगों को जहां संभव हो वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी गई है.




