मौसम

प्रदूषण से बेहाल दिल्ली, कई इलाकों में AQI 450 के पार

रविवार सुबह दिल्ली एक बार फिर भीषण वायु प्रदूषण की चपेट में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे राजधानी का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 439 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है।

रात के समय प्रदूषण और बढ़ गया। शनिवार रात 10 बजे AQI 432 था, जो रविवार तड़के और खराब हो गया। लगातार खराब हवा से बच्चों, बुजुर्गों और सांस व दिल से जुड़ी बीमारियों से जूझ रहे लोगों की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है।

दिल्ली के कई इलाकों में हालात बेहद खराब रहे। आनंद विहार में AQI 489, अशोक विहार 463, बवाना 467, चांदनी चौक 464, द्वारका सेक्टर-8 में 469, आईटीओ 448, नरेला 412, पंजाबी बाग 476, आरके पुरम 467 और वजीरपुर में 478 दर्ज किया गया। इन सभी इलाकों में हवा ‘गंभीर’ स्तर पर रही, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक मानी जाती है।

AQI के मानकों के अनुसार,
0–50 अच्छी,
51–100 संतोषजनक,
101–200 मध्यम,
201–300 खराब,
301–400 बहुत खराब
और 401–500 गंभीर श्रेणी में आता है।

प्रदूषण के साथ-साथ ठंड और कोहरे ने भी परेशानी बढ़ा दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, रविवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री कम है। कोहरे के कारण दृश्यता भी कम रही।

बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने शनिवार को दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के तहत स्टेज-IV के सख्त नियम दोबारा लागू कर दिए हैं।

CAQM ने कहा कि हवा की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए ‘सीवियर प्लस’ श्रेणी के सभी प्रतिबंध तत्काल प्रभाव से पूरे NCR में लागू किए गए हैं, ताकि प्रदूषण और न बढ़े। साथ ही, संबंधित एजेंसियों को रोकथाम के उपाय तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

खतरनाक प्रदूषण, कड़ाके की ठंड और घने कोहरे को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बिना जरूरत बाहर न निकलें, स्वास्थ्य सलाह का पालन करें और अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानियां बरतें।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button