पेरिस से पीएम मोदी का संदेश, भरोसेमंद वैश्विक साझेदार बनकर उभरा भारत

पेरिस: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस के पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए और VivaTech 2026 सम्मेलन में भाग लेते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रगति सशक्तिकरण और समावेशी विकास की नीतियों के कारण संभव हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। देश के निर्यात में 35 गुना वृद्धि हुई है, जबकि मोबाइल निर्माण में 100 गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि भारत अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन चुका है।
उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था, हवाई अड्डों की संख्या, विश्वविद्यालयों और राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार भी दोगुना हुआ है। इसके साथ ही भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है।
VivaTech 2026 सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने तकनीक को सभी के लिए सुलभ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत नवाचार को बढ़ावा दे रहा है और स्टार्टअप्स के साथ मिलकर नई तकनीकों को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने बताया कि आज दुनिया के लगभग आधे डिजिटल लेनदेन भारत में होते हैं और देश मानव-केंद्रित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तथा उन्नत तकनीकों पर तेजी से काम कर रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि भारत-फ्रांस नवाचार वर्ष के तहत 80 से अधिक डीप-टेक कंपनियां और स्टार्टअप्स इस सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं। पेरिस के सैले प्लेयेल में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज दुनिया में रिश्ते केवल व्यापार से नहीं, बल्कि भरोसे से भी तय होते हैं। उन्होंने कहा कि वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारत एक विश्वसनीय और दीर्घकालिक साझेदार के रूप में उभर रहा है।
प्रधानमंत्री ने भारत-फ्रांस संबंधों की मजबूती का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि दोनों देश TRISHNA सैटेलाइट परियोजना पर मिलकर काम कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य जल और खाद्य सुरक्षा को बेहतर बनाना है।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि भारत का लोकतंत्र उसकी सबसे बड़ी ताकत है। देश की विविधता और युवाओं की आकांक्षाएं भविष्य की वैश्विक व्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।





