PM मोदी ने एयरपोर्ट पर UAE राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद का किया स्वागत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री खुद एयरपोर्ट पहुंचे और उन्होंने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद का अभिवादन किया। खास बात यह रही कि एयरपोर्ट से निकलते समय दोनों नेता एक ही गाड़ी में सवार होकर रवाना हुए, जिसे भारत-UAE के मजबूत रिश्तों का प्रतीक माना जा रहा है।

शेख मोहम्मद बिन जायद का यह UAE राष्ट्रपति बनने के बाद भारत का तीसरा आधिकारिक दौरा है। इसके साथ ही पिछले दस वर्षों में यह उनका पांचवां भारत दौरा है। यह यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब नई दिल्ली और अबू धाबी के बीच उच्चस्तरीय संपर्क लगातार बढ़ा है।
बीते कुछ महीनों में भारत ने अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद की मेजबानी सितंबर 2024 में की थी। इसके बाद दुबई के क्राउन प्रिंस और UAE के उप प्रधानमंत्री व रक्षा मंत्री शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम अप्रैल 2025 में भारत आए थे। इन दौरों से दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को और मजबूती मिली है।
भारत और UAE के रिश्ते राजनीतिक भरोसे, सांस्कृतिक जुड़ाव और बढ़ते आर्थिक सहयोग पर आधारित हैं। दोनों देश एक-दूसरे के प्रमुख व्यापार और निवेश साझेदार हैं। इस साझेदारी को व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौता (CEPA), लोकल करेंसी सेटलमेंट सिस्टम और द्विपक्षीय निवेश संधि जैसे अहम समझौतों से मजबूती मिली है।
ऊर्जा क्षेत्र दोनों देशों के संबंधों का एक अहम स्तंभ बना हुआ है। लंबे समय से चली आ रही ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था भारत की ऊर्जा सुरक्षा में अहम भूमिका निभा रही है, वहीं नए क्षेत्रों में सहयोग के अवसर भी लगातार सामने आ रहे हैं।





