कोहली का ‘किंग रिटर्न’, ICC वनडे रैंकिंग में फिर टॉप पर पहुंचे विराट

टीम इंडिया के अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर आईसीसी पुरुष वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 बन गए हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में भारत की चार विकेट से जीत के दौरान कोहली ने 91 गेंदों पर 93 रन की शानदार और जिम्मेदार पारी खेली, जिसने मैच का रुख पूरी तरह भारत के पक्ष में मोड़ दिया।
इस पारी के साथ ही विराट कोहली इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं और अब वह महान सचिन तेंदुलकर के और करीब आ गए हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद से कोहली का फॉर्म जबरदस्त रहा है। उनकी पिछली पांच वनडे पारियों में 74, 135, 102, 65 और 93 रन शामिल हैं, जो उनकी निरंतरता और शानदार लय को दर्शाता है।
37 साल की उम्र में विराट का यह कमबैक बेहद खास माना जा रहा है, क्योंकि वह जुलाई 2021 के बाद पहली बार वनडे रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर लौटे हैं। बडोदरा में खेले गए इस मुकाबले में जब भारत 300 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव में नजर आ रहा था, तब कोहली ने अपनी क्लास और अनुभव से टीम को जीत दिलाई।
विराट कोहली ने पहली बार अक्टूबर 2013 में आईसीसी वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 स्थान हासिल किया था। अब तक वह कुल 825 दिन तक इस पोजिशन पर रह चुके हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज के लिए सबसे ज्यादा है।
न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर डेरिल मिचेल भी इस रैंकिंग में जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं। पहले वनडे में 71 गेंदों पर 84 रन बनाने के बाद उन्होंने एक स्थान की छलांग लगाई है और अब वह विराट कोहली से सिर्फ एक रेटिंग अंक पीछे हैं। विराट के 785 रेटिंग अंक हैं, जबकि मिचेल 784 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं। पिछले पांच मैचों में मिचेल के नाम तीन अर्धशतक और एक शतक दर्ज है और वह इस फॉर्मेट में कुछ समय के लिए नंबर-1 भी रह चुके हैं।
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा को रैंकिंग में दो स्थान का नुकसान हुआ है और वह अब 775 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे पायदान पर खिसक गए हैं।
गेंदबाजी रैंकिंग की बात करें तो भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने शानदार उछाल दर्ज की है। उन्होंने पांच स्थान की छलांग लगाते हुए 15वें स्थान पर जगह बनाई है, जहां वह बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज के साथ संयुक्त रूप से मौजूद हैं।
वहीं न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जेमिसन ने भारत के खिलाफ पहले वनडे में चार विकेट लेकर करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसका असर रैंकिंग में भी दिखा और वह 27 स्थान की छलांग लगाकर 69वें नंबर पर पहुंच गए हैं, जहां वह भारत के अर्शदीप सिंह के साथ संयुक्त रूप से काबिज हैं।





