विदेश

FTA और टैरिफ कटौती के बीच भारत-चीन कारोबार में बड़ी छलांग

भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से अटके व्यापार समझौते पर सहमति बनने के साथ ही दोनों देशों के बीच पारस्परिक टैरिफ घटकर 18 फीसदी रह गया है। इसे भारत-अमेरिका आर्थिक रिश्तों में नए दौर की शुरुआत माना जा रहा है। इससे पहले 27 जनवरी को भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। इसी बीच भारत और चीन के द्विपक्षीय व्यापार को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है।

नई दिल्ली में मंगलवार, 3 फरवरी को आयोजित चीनी नववर्ष कार्यक्रम के दौरान भारत में चीन के राजदूत जू फेइहोंग ने बताया कि भारत-चीन के बीच व्यापार रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि अगस्त 2025 में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तियानजिन में हुई बैठक के बाद दोनों देशों के संबंधों को नई दिशा मिली है। इसके चलते सभी स्तरों पर आपसी संवाद बढ़ा है और आर्थिक-व्यापारिक सहयोग नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है।

चीनी राजदूत के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय व्यापार 155.6 अरब अमेरिकी डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्शाता है। इस दौरान चीन को भारत के निर्यात में भी 9.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग की बड़ी संभावनाओं को दर्शाते हैं।

जू फेइहोंग ने यह भी कहा कि आत्मनिर्भरता पर चीन का जोर भारत की ‘आत्मनिर्भर भारत’ रणनीति से मेल खाता है और व्यापार में यह बढ़ोतरी द्विपक्षीय संबंधों में लगातार हो रहे सुधार का स्पष्ट संकेत है।

वहीं, पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के महावाणिज्य दूतावास की ओर से स्प्रिंग फेस्टिवल यानी चीनी नववर्ष 2026 का आयोजन किया गया। इस मौके पर चीनी महावाणिज्यदूत जू वेई ने कहा कि भारतीय मित्रों की बड़ी मौजूदगी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दोनों देशों के बीच गहरे सांस्कृतिक जुड़ाव को दर्शाती हैं।

जू वेई ने बताया कि भारत-चीन के बीच पहले से कई सीधी उड़ानें संचालित हो रही हैं और भविष्य में इनके और बढ़ने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि भारतीय सरकार द्वारा वीजा नियमों में ढील दिए जाने से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही दोनों देश पर्यटन और लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने के लिए संयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button