“हमारा समय बर्बाद मत करो”… CJP प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई पर सुप्रीम कोर्ट की दो टूक

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन और जंतर-मंतर पर पुलिस कार्रवाई को लेकर दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने त्वरित सुनवाई से इनकार कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह इस मामले में कोई वीडियो नहीं देखना चाहती।
दिल्ली की सड़कों पर उतरा जनसैलाब और पुलिस लाठीचार्ज
नई दिल्ली में हाल ही में हुए प्रदर्शनों के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ऑनलाइन आंदोलन के आह्वान पर सोमवार को हजारों छात्र और प्रदर्शनकारी शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे। संसद की तरफ मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस ने लाठीचार्ज किया था, जिसके बाद स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई थी।
सुप्रीम कोर्ट की दो टूक: “समय बर्बाद मत करो”
इस मामले को लेकर जब एक वकील ने सुप्रीम कोर्ट में जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ कथित “पुलिस बर्बरता” का मुद्दा उठाया और त्वरित सुनवाई की मांग की, तो शीर्ष अदालत का रुख बेहद सख्त और स्पष्ट नजर आया।
मुख्य न्यायाधीश (Chief Justice) ने सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता के वकील से दो टूक कहा, “हमारा और अपना समय बर्बाद मत करो।” कोर्ट ने यह भी साफ कर दिया कि वह इस घटना से जुड़े किसी भी तरह के वीडियो को देखने के इच्छुक नहीं हैं।
हाईकोर्ट में भी याचिका खारिज और आयोजकों के गंभीर आरोप
दूसरी ओर, दिल्ली हाईकोर्ट ने भी मंगलवार को शहर की पुलिस द्वारा छात्रों पर “अतिरिक्त बल” के प्रयोग को लेकर दाखिल याचिका पर तुरंत सुनवाई करने से इनकार कर दिया। आयोजकों ने अधिकारियों के इस रवैया की कड़ी निंदा करते हुए दावा किया है कि इस हिंसक झड़प में सैकड़ों प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। CJP के प्रवक्ता का कहना है कि भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में यह एक शर्मनाक दिन है, जहां अपनी जायज मांगों को लेकर आए ईमानदार छात्रों पर दिल्ली पुलिस ने बेरहमी से लाठियां भांजीं।





