‘शायद शिक्षा मंत्री को इस्तीफा लिखना नहीं आता’: महुआ मोइत्रा का धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा तंज
NEET पेपर लीक और छात्र प्रदर्शनों के बीच TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि शिक्षा मंत्री को शायद इस्तीफा देना नहीं आता है।

नई दिल्ली: TMC सांसद महुआ मोइत्रा ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर तीखा तंज कसा है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि शायद शिक्षा मंत्री को इस्तीफा लिखने का तरीका नहीं आता है, क्योंकि आरएसएस सिर्फ दया याचिका लिखना सिखाता है। यह बयान ऐसे समय आया है जब नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र संगठन प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर अड़े हैं।
Maybe just maybe the Education Minister doesn’t know how to write a letter of resignation…. RSS only teaches you how to write mercy petitions .
— Mahua Moitra (@MahuaMoitra) July 21, 2026
संसद मार्च के दौरान हुआ था हंगामा
सोमवार को प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर ‘संसद चलो’ मार्च निकाला था, जिसे रोकने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया था। पुलिस कार्रवाई में कई प्रदर्शनकारियों को चोटें आईं, जिसके बाद से तनाव और बढ़ गया है। भारी बारिश और सुरक्षा के कड़े पहरे के बावजूद मंगलवार को प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर पर डटे रहे।
सोनम वांगचुक का अनशन जारी
इस बीच, कार्यकर्ता सोनम वांगचुक का अनशन जारी है। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से भी उनका अनशन जारी है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें।





