विदेश

युगांडा में स्कूल बस हादसा, 20 बच्चों समेत 21 लोगों की मौत

युगांडा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 20 स्कूली बच्चों सहित 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। यह हादसा गुरुवार शाम पूर्वी युगांडा के कपचोरवा इलाके में हुआ। जानकारी के अनुसार, किंग डेविड जूनियर स्कूल की बस बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण (स्टडी टूर) से वापस लेकर लौट रही थी। बस में स्कूल के संस्थापक और निदेशक तादेओ सेक्काडे भी सवार थे, जिनकी हादसे में मौत हो गई।

पुलिस के शुरुआती जांच के मुताबिक, पहाड़ी रास्ते चेक्वाटिट हिल से उतरते समय बस में तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा। बस सड़क से नीचे उतर गई, रास्ते में एक बड़े पत्थर से टकराई और फिर पलट गई। हादसा स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 8 बजे हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बच्चे दिन में मशहूर पर्यटन स्थल सिपी फॉल्स घूमने गए थे और वहीं से लौट रहे थे।

युगांडा के स्थानीय सरकार मंत्री बलाम अतीनयी बरुगहारा ने हादसे में 21 लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मरने वालों में 20 बच्चे और स्कूल के संस्थापक शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा साझा किए गए वीडियो में बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

इस हादसे के बाद युगांडा में सड़क सुरक्षा और स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। अधिकारियों का कहना है कि तेज रफ्तार, खराब वाहन और खतरनाक सड़कें ऐसे हादसों की बड़ी वजह हैं।

Show More
Back to top button