भारत

मुर्शिदाबाद में ट्रेन की चपेट में आई स्कूल वैन, दो बच्चों समेत तीन की मौत

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। बहरामपुर इलाके में रेलवे फाटक पार कर रही स्कूली बच्चों से भरी वैन तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गई। इस हादसे में दो स्कूली बच्चों और एक साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि कई बच्चे घायल हो गए। हादसे के बाद रेलवे फाटक पर तैनात गेटमैन की लापरवाही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सुबह करीब 7 बजे कर्णसुबर्णा और गोविंदपुर रेलवे स्टेशनों के बीच स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ। स्कूल वैन बच्चों को लेकर फाटक पार कर रही थी, तभी निमटिटा-कटवा पैसेंजर ट्रेन वहां पहुंची और वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कुछ देर पहले एक ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक खोल दिया गया था। इसी दौरान स्कूल वैन रेलवे ट्रैक पार करने लगी। लेकिन दूसरी दिशा से आ रही ट्रेन के लिए फाटक दोबारा बंद नहीं किया गया, जिसके कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अगर समय पर फाटक बंद कर दिया जाता, तो इस दुर्घटना से बचा जा सकता था।

बताया जा रहा है कि स्कूल वैन में चालक समेत कुल आठ लोग सवार थे। हादसे के दौरान एक साइकिल सवार भी ट्रेन की चपेट में आ गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों को पहले कर्णसुबर्णा ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।

पूर्वी रेलवे ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। रेलवे की विशेष जांच टीम पूरे मामले की जांच करेगी। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जाएगा कि हादसे के समय गेटमैन ड्यूटी पर था या नहीं और सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button