भारत

RE-NEET UG 2026 के नतीजे घोषित, आर्यन गुप्ता और पांशुल बंसल बने टॉपर

नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने RE-NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। इससे कुछ घंटे पहले एजेंसी ने परीक्षा की फाइनल आंसर-की भी जारी की थी। परीक्षा में शामिल छात्र अपना रिजल्ट NEET की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर देख सकते हैं।

इस साल 11.21 लाख उम्मीदवार मेडिकल, डेंटल, आयुष और अन्य स्नातक मेडिकल कोर्स में दाखिले के लिए क्वालिफाई हुए हैं। रिजल्ट में पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पांशुल बंसल ने संयुक्त रूप से पहला स्थान हासिल किया है। दोनों ने 720 में से 715 अंक प्राप्त किए हैं।

एनटीए के अनुसार, इस बार 19 छात्रों ने 700 से अधिक अंक, 138 छात्रों ने 690 से ज्यादा अंक, 1,492 छात्रों ने 650 या उससे अधिक अंक, 10,160 छात्रों ने 600 से ज्यादा अंक और 90,780 छात्रों ने 500 या उससे अधिक अंक हासिल किए हैं।

बता दें कि 3 मई को हुई मूल NEET UG परीक्षा कथित पेपर लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा कराई गई। यह परीक्षा देश के 551 शहरों और विदेश के 14 शहरों में कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित की गई थी।

एनटीए ने छात्रों से कहा है कि वे काउंसलिंग और दाखिले से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें। साथ ही फर्जी एडमिशन ऑफर और धोखाधड़ी से बचने की भी सलाह दी गई है।

Show More
Back to top button