
नई दिल्ली: दिल्ली में बसों में मुफ्त सफर करने वाली महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने घोषणा की है कि 1 अगस्त 2026 से बसों में फ्री यात्रा का लाभ उठाने के लिए ‘पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड’ अनिवार्य कर दिया गया है।
कागज वाले टिकट होंगे बंद
सरकार अब धीरे-धीरे पुरानी कागज आधारित टिकट प्रणाली को पूरी तरह से खत्म करने की तैयारी में है। 1 अगस्त से उन महिला यात्रियों को पिंक टिकट जारी नहीं किए जाएंगे जिनके पास पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं होगा। बिना इस स्मार्ट कार्ड के सफर करने वाली महिलाओं को बस का सामान्य किराया चुकाना होगा।
कार्ड कहां से बनवाएं?
इस योजना को सुचारू रूप से चलाने के लिए दिल्ली सरकार ने शहर भर में 50 अधिकृत केंद्र बनाए हैं। महिलाएं इन केंद्रों पर जाकर अपना कार्ड बनवा सकती हैं। अधिकारियों के अनुसार, अब तक करीब 11 लाख कार्ड बांटे जा चुके हैं और जुलाई के अंत तक इस संख्या को 13 लाख तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
यात्रियों के लिए जरूरी निर्देश
DTC ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान बस में चढ़ते समय महिलाओं को यह कार्ड टैप करना होगा। इसके अलावा, DTC बसों में जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक महिलाएं समय रहते अपना स्मार्ट कार्ड बनवा लें और यात्रा में होने वाली परेशानी से बच सकें।





