
हैदराबाद के गोलकोंडा स्थित एक आवासीय स्कूल से बेहद हैरान और परेशान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ एक 18 वर्षीय छात्रा पर आरोप है कि उसने स्कूल परिसर के भीतर ही एक बच्चे को जन्म दिया और फिर नवजात को इमारत की दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया।
स्टाफ ने दी पुलिस को सूचना
घटना का खुलासा तब हुआ जब तेलंगाना माइनॉरिटी रेजिडेंशियल एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन सोसाइटी (TMREIS) के स्कूल स्टाफ ने इमारत के बाहर एक नवजात का शव देखा। स्टाफ ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
CCTV से हुआ खुलासा
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने जब स्कूल परिसर के CCTV फुटेज खंगाले, तो मामले की परतें खुल गईं। फुटेज के आधार पर पुलिस 18 साल आठ महीने की एक छात्रा तक पहुंची।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि छात्रा करीब आठ महीने की गर्भवती थी। पुलिस का संदेह है कि छात्रा ने स्कूल के अंदर ही बच्चे को जन्म दिया और फिर उसे दूसरी मंजिल से नीचे फेंक दिया, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की जांच जारी
पुलिस ने नवजात की हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा की गर्भावस्था के बारे में क्या किसी और को जानकारी थी, बच्चे का पिता कौन है और क्या इस पूरी घटना में कोई और भी शामिल था।
पुलिस अब स्कूल के अधिकारियों, स्टाफ सदस्यों और संस्थान से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ करेगी। मामले की गहन जांच अभी जारी है।





