मैक्रों ने हिंदी में दी पीएम मोदी को विदाई, वीडियो ने बटोरी सुर्खियां

पेरिस: फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फ्रांस यात्रा के समापन पर उन्हें खास अंदाज में विदाई दी। मैक्रों ने एक वीडियो संदेश में हिंदी बोलकर पीएम मोदी का अभिवादन किया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। वीडियो में मैक्रों ने हिंदी में कहा, “प्रिय मित्र नरेंद्र, मुझे बहुत खुशी है। दौरे के लिए स्वागत करते, फ्रांस-भारत की दोस्ती अमर रहे।” हिंदी में संदेश देने के बाद उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, “उम्मीद है मैंने सही कहा होगा।”
फ्रांस दौरे के समापन पर मैक्रों का हिंदी में संदेश, पीएम मोदी को कहा अलविदा#PMModi #EmmanuelMacron #IndiaFranceRelations #FranceVisit pic.twitter.com/hPF0YFwGcp
— NewsMobile Samachar (@NewsMobileHindi) June 18, 2026
इसके बाद मैक्रों ने अंग्रेजी में पीएम मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी यात्रा बेहद सफल और उपयोगी रही। उन्होंने कहा कि फ्रांस भारत को बहुत महत्व देता है और वह फरवरी में पीएम मोदी से फिर मिलने की उम्मीद कर रहे हैं। मैक्रों ने अपने संदेश का समापन “जय हिंद” कहकर किया।
यह मुलाकात G7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई, जहां प्रधानमंत्री मोदी ने कई वैश्विक नेताओं के साथ बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई नेताओं से द्विपक्षीय वार्ता भी की।
इससे पहले 14 जून को पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने फ्रांस के नीस शहर स्थित विला केरीलोस में द्विपक्षीय वार्ता की थी। दोनों नेताओं ने भारत और फ्रांस के बीच रक्षा सहयोग की प्रगति पर संतोष जताया और रक्षा तकनीक, सह-डिजाइन, सह-विकास और सह-उत्पादन को और मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। दोनों देशों ने मानव अंतरिक्ष उड़ान, स्पेस सिचुएशनल अवेयरनेस और निजी क्षेत्र की भागीदारी जैसे विषयों पर मिलकर काम करने की इच्छा जताई। इसके अलावा पीएम मोदी और राष्ट्रपति मैक्रों ने पेरिस में आयोजित VivaTech 2026 कार्यक्रम में स्टार्टअप्स और नई तकनीकों का भी अवलोकन किया। इस दौरान दोनों नेताओं ने नवाचार और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
भारत और फ्रांस के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी के बीच मैक्रों का हिंदी में दिया गया यह संदेश दोनों देशों की मजबूत दोस्ती का प्रतीक माना जा रहा है।





