न्यूयॉर्क में गूंजा भारत का सम्मान, 15 अगस्त को ‘इंडिया इंडिपेंडेंस डे’ घोषित करने का प्रस्ताव पारित

भारत और अमेरिका के रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए न्यूयॉर्क स्टेट सीनेट ने एक प्रस्ताव पारित किया है। इस प्रस्ताव में न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होचुल से 15 अगस्त 2026 को राज्य में आधिकारिक तौर पर ‘भारत स्वतंत्रता दिवस’ घोषित करने की अपील की गई है।
इस फैसले को भारत की लोकतांत्रिक परंपराओं, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों के योगदान की महत्वपूर्ण पहचान के रूप में देखा जा रहा है। प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सीनेटरों ने भारत के लंबे इतिहास, लोकतांत्रिक मूल्यों और वैश्विक सांस्कृतिक प्रभाव की सराहना की। साथ ही न्यूयॉर्क के आर्थिक, सामाजिक और सार्वजनिक जीवन में भारतीय-अमेरिकी समुदाय की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
प्रस्ताव पेश करने वाले सीनेटर जेरेमी ए. कूनी ने कहा कि भारतीय समुदाय दुनिया भर में सकारात्मक बदलाव ला रहा है। उन्होंने कहा कि यह अवसर भारत की संस्कृति, इतिहास और विरासत का सम्मान करने का है।
वहीं सीनेटर जोसेफ पी. अडाब्बो जूनियर ने महात्मा गांधी के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि उनका संदेश आज भी भारतीय-अमेरिकी समुदाय और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
सीनेटर जॉन सी. लियू ने कहा कि भारत हजारों साल पुरानी सभ्यता है और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्रों में से एक है। उन्होंने अमेरिका और न्यूयॉर्क में भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान की भी सराहना की।
प्रस्ताव पारित होने के दौरान न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास के उप महावाणिज्यदूत विशाल हर्ष और भारतीय समुदाय के कई प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने इस पहल का स्वागत करते हुए सीनेट का आभार व्यक्त किया। दूतावास ने कहा कि यह प्रस्ताव भारत के लोकतांत्रिक मूल्यों और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को सम्मान देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल भारत और अमेरिका के बीच लोगों के स्तर पर बढ़ते संबंधों और आपसी सहयोग को और मजबूत करेगी।





