बेंगलुरु में पत्नी ने प्रेमी संग रची खौफनाक साजिश, पति की हत्या कर शव झील किनारे फेंका

Bengaluru Crime News: देश की आईटी राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध प्रेम संबंधों (Extramarital Affair) के चलते एक पत्नी ने अपने ही पति की बेरहमी से हत्या करवा दी। उत्तर प्रदेश के रहने वाले 25 वर्षीय सुरक्षा गार्ड अभिजीत पंडित की उसकी 21 वर्षीय पत्नी अर्चना ने अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर हत्या कर दी।
नाइट ड्यूटी के दौरान शुरू हुई प्रेम कहानी और खूनी साजिश
मूल रूप से यूपी का रहने वाला पीड़ित अभिजीत पंडित बेंगलुरु के बाहरी इलाके में सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। उसकी पत्नी अर्चना येलहंका के एक निजी कॉलेज में महिला सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थी, जहां उसका परिचय अपने 26 वर्षीय सहकर्मी परसुल पाल से हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए। जब भी अभिजीत नाइट ड्यूटी पर होता, अर्चना अपने प्रेमी को घर बुलाती थी। पति को रास्ते से हटाने के लिए अर्चना, उसके प्रेमी परसुल और एक अन्य दोस्त ने मिलकर मर्डर की साजिश रची।
शराब पार्टी के बहाने बुलाया और लोहे की रॉड से किया हमला
27 मई को आरोपियों ने अभिजीत को एक सुनसान जगह पर शराब पार्टी के बहाने बुलाया। वहां उसे अत्यधिक शराब पिलाने के बाद लोहे की रॉड से हमला कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पैक कर मोटरसाइकिल पर लादा और लिंगनहल्ली झील के किनारे एक कूड़े के ढेर के पास फेंककर फरार हो गए।
शातिर पत्नी अर्चना ने पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद थाने जाकर पति की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। हालांकि, जब पांच दिन बाद पुलिस को सड़ा-गला शव मिला और अर्चना के कॉल रिकॉर्ड्स खंगाले गए, तो पूरा सच सामने आ गया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की, जिसके बाद आरोपी पत्नी अर्चना, उसके प्रेमी परसुल पाल और तीसरे सहयोगी शुभंकर को गिरफ्तार कर लिया गया है। राजनुकुंटे पुलिस स्टेशन की टीम मामले की आगे की जांच कर रही है।





