दक्षिण कोरिया के रक्षा संयंत्र में भीषण विस्फोट, 5 कर्मचारियों की मौत

दक्षिण कोरिया के मध्य शहर डेजॉन में सोमवार को एक रक्षा और एयरोस्पेस संयंत्र में हुए भीषण विस्फोट में कम से कम पांच कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया।
स्थानीय समाचार एजेंसी के अनुसार, विस्फोट सुबह करीब 10:59 बजे हुआ। धमाके की आवाज सुनकर लोगों ने आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी। घटना के बाद संयंत्र से घना धुआं उठता देखा गया। अधिकारियों ने बताया कि विस्फोट में पांच कर्मचारियों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य घायल हुए हैं, जिनमें से एक गंभीर रूप से झुलस गया है, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कर्मचारी विस्फोटक सामग्री से जुड़े उपकरणों की सफाई का काम कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। यह संयंत्र बड़े रॉकेट और मिसाइल प्रणोदन प्रणाली (प्रोपल्शन सिस्टम) के विकास और निर्माण का काम करता है, जहां अत्यधिक ज्वलनशील पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति Lee Jae-myung ने घटना की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और बचाव कार्यों में सभी आवश्यक संसाधन लगाने को कहा है। वहीं प्रधानमंत्री Kim Min-seok ने भी संबंधित एजेंसियों को राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। घटना के बाद Hanwha Aerospace और उसकी मूल कंपनी Hanwha Group ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। कंपनी ने हादसे के लिए खेद जताते हुए जांच एजेंसियों को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया है।
गौरतलब है कि इसी संयंत्र में पहले भी गंभीर हादसे हो चुके हैं। वर्ष 2018 में हुए एक विस्फोट में पांच कर्मचारियों की मौत हुई थी, जबकि 2019 में एक अन्य धमाके में तीन लोगों की जान चली गई थी। ताजा घटना के बाद एक बार फिर संयंत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।





