25 साल बाद रिलीज हुई इरफ़ान ख़ान और विद्या बालन की फिल्म ‘The Last Tenant’

दिवंगत अभिनेता इरफ़ान ख़ान और अभिनेत्री विद्या बालन की फिल्म The Last Tenant आखिरकार करीब 25 साल बाद रिलीज हो गई है। यह फिल्म 29 अप्रैल को YouTube पर रिलीज की गई, जो इरफान खान की छठी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि के तौर पर पेश की गई।
इस फिल्म की शूटिंग साल 2000 में हुई थी। फिल्म में इरफान खान और विद्या बालन के शुरुआती अभिनय देखने को मिलते हैं। माना जा रहा है कि यह विद्या बालन के करियर के शुरुआती प्रोजेक्ट्स में से एक है, जब वह टीवी से फिल्मों की ओर बढ़ रही थीं। खास बात यह है कि यह इरफान खान और विद्या बालन की एकमात्र ऑन-स्क्रीन फिल्म है।
फिल्म को सार्थक दासगुप्ता ने लिखा और निर्देशित किया है, जबकि इसे नीना और सार्थक दासगुप्ता ने प्रोड्यूस किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का ओरिजिनल फुटेज खो जाने की वजह से यह लंबे समय तक रिलीज नहीं हो पाई। बाद में इसकी VHS कॉपी मिली, जिसे रिस्टोर कर रिलीज के लिए तैयार किया गया।
रिलीज के तीन दिनों के अंदर ही फिल्म को YouTube पर करीब 2 लाख व्यूज मिल चुके हैं। बता दें कि इरफान खान का निधन 29 अप्रैल 2020 को कैंसर से जंग के बाद कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में हुआ था।





