रोहिणी सेक्टर-16 में इमारत गिरने से हड़कंप, रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी दमकल और पुलिस टीम

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में बुधवार शाम एक चार मंजिला इमारत अचानक गिर गई। हादसे के बाद मौके पर बड़े स्तर पर बचाव अभियान शुरू किया गया है। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह इमारत काफी पुरानी थी और इसमें निर्माण या मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक इमारत ढह गई। हालांकि, अभी तक हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। दिल्ली फायर सर्विस को शाम करीब 4:20 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद तुरंत चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। फायर ब्रिगेड की टीम और अन्य बचाव दल मलबे को हटाकर फंसे हुए लोगों की तलाश में जुटे हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए हैं। इलाके को सुरक्षित किया गया है और राहत-बचाव कार्यों की निगरानी की जा रही है। अभी तक प्रशासन ने मलबे में फंसे लोगों की संख्या या किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं की है। हादसे की वजह, नुकसान और प्रभावित लोगों की स्थिति को लेकर अधिक जानकारी का इंतजार है।





