लंदन स्टैबिंग केस: 3 लोगों की हत्या की कोशिश में 45 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

ब्रिटेन की राजधानी लंदन में चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसे पुलिस ने आतंकी घटना घोषित किया है। इस मामले में 45 वर्षीय सोमालिया मूल के ब्रिटिश नागरिक एसा सुलेमान को गिरफ्तार किया गया है। उस पर तीन लोगों की हत्या की कोशिश और सार्वजनिक जगह पर धारदार हथियार रखने का आरोप लगाया गया है।
एसा सुलेमान शुक्रवार को कोर्ट में पेश हुआ, जहां उसके खिलाफ तीन लोगों की हत्या की कोशिश समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए। कोर्ट ने उसे फिलहाल न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अब वह 15 मई को ओल्ड बेली कोर्ट में फिर पेश होगा।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ने बुधवार को उत्तर लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाके में दो यहूदी पुरुषों पर हमला किया। इससे पहले उसने उसी दिन दक्षिण-पूर्व लंदन में भी एक अन्य व्यक्ति को निशाना बनाया था। पुलिस का कहना है कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं।
गोल्डर्स ग्रीन में घायल हुए दोनों लोगों की उम्र 76 और 34 साल है। दोनों को चाकू लगने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया। 34 वर्षीय व्यक्ति को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि 76 वर्षीय बुजुर्ग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, लेकिन उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इस मामले की जांच काउंटर टेररिज्म पुलिस कर रही है। घटना के बाद ब्रिटेन ने अपना राष्ट्रीय सुरक्षा खतरा स्तर “सब्सटैंशल” से बढ़ाकर “सीवियर” कर दिया है। इसका मतलब है कि अब आतंकी हमले की आशंका ज्यादा मानी जा रही है।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने घटना स्थल का दौरा किया और बढ़ते यहूदी विरोधी मामलों की निंदा की। वहीं गृह मंत्री शबाना महमूद ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।





