
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 23 वर्षीय बेटी ने सरकारी नौकरी पाने और पैतृक संपत्ति हड़पने के लिए अपनी ही मां की हत्या करवा दी। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी बेटी आयुषी सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
सड़क हादसे में मौत की रची थी साजिश
पुलिस के अनुसार, मृतका नीरज शर्मा (45) की मौत 3 जुलाई को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की टक्कर से हुई थी। शुरुआती जांच में यह एक सामान्य सड़क हादसा लग रहा था, लेकिन मृतका के भाई राकेश ने एफआईआर दर्ज कराई और अपनी भांजी आयुषी व अन्य पर गंभीर आरोप लगाए। जांच के दौरान पुलिस का शक यकीन में बदल गया कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या थी।
सरकारी नौकरी और संपत्ति का लालच
डीसीपी (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी आयुषी अपने पिता विजय कुमार शर्मा की मृत्यु के बाद अनुकंपा के आधार पर मिली सरकारी नौकरी (एलडीसी) खुद पाना चाहती थी। लेकिन जब उसकी मां नीरज शर्मा को वह नौकरी मिली, तो आयुषी उनसे नाराज रहने लगी। इसी तनाव और नौकरी व संपत्ति के लालच में उसने अपने मामा और चचेरे भाई के साथ मिलकर मां को रास्ते से हटाने की साजिश रची और भाड़े के हत्यारों से इस वारदात को अंजाम दिलवाया।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक अन्य की तलाश जारी है।





